चांद नजर आते ही खुशियों में डूबा रूदौली, हर तरफ गूंज उठी ईद की मुबारकबाद

Saiadmin

सोशल मीडिया पर संदेशों की बाढ़, बाजारों में उमड़ी भीड़ इतिकाफ से लौटे लोग, देर रात तक चली खरीदारी

मोहम्मद आलम

अयोध्या। जैसे ही आसमान पर ईद का चांद नजर आया, पूरे रूदौली तहसील क्षेत्र में खुशी और उत्साह की लहर दौड़ गई। चांद दिखने की खबर मिलते ही लोगों ने एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद देना शुरू कर दिया। मोबाइल फोन, सोशल मीडिया और खासकर व्हाट्सएप पर बधाई संदेशों का सिलसिला देर रात तक जारी रहा।
नगर क्षेत्र से लेकर दूरदराज के ग्रामीण इलाकों तक हर तरफ ईद की रौनक देखने को मिली। लोग घरों से निकलकर बाजारों की ओर उमड़ पड़े और खरीदारी का दौर तेज हो गया। कपड़ों की दुकानों, जूता-चप्पल, सेवइयों, मिठाइयों और अन्य जरूरी सामान की दुकानों पर भारी भीड़ देखने को मिली। दुकानदार भी ग्राहकों की भीड़ को देखते हुए देर रात तक अपनी दुकानें खुली रखे नजर आए।
वहीं रमज़ान के आखिरी अशरे में मस्जिदों में इतिकाफ में बैठे लोग भी चांद नजर आने के बाद आज अपने-अपने घरों को लौट गए। करीब दस दिन तक इबादत और तिलावत में मशगूल रहने के बाद जब ये लोग घर पहुंचे तो परिजनों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान घरों में एक अलग ही रूहानी माहौल देखने को मिला।
ईद की तैयारियों को लेकर घर-घर में साफ-सफाई, सजावट और पकवान बनाने की तैयारियां जोरों पर हैं। महिलाओं ने रसोई की कमान संभाल ली है तो वहीं बच्चे अपने नए कपड़ों और ईदी को लेकर खासे उत्साहित नजर आ रहे हैं।
सोशल मीडिया ने भी इस खुशी को और खास बना दिया है। फेसबुक, व्हाट्सएप और अन्य प्लेटफॉर्म पर ईद मुबारक के संदेशों की मानो बाढ़ सी आ गई है। लोग अपने रिश्तेदारों और दोस्तों को दूर रहकर भी करीब महसूस कर रहे हैं।
पूरे क्षेत्र में आपसी भाईचारा, प्रेम और सौहार्द का अद्भुत नजारा देखने को मिल रहा है। हर कोई एक-दूसरे की खुशियों में शामिल होकर इस पर्व को खास बनाने में जुटा है। प्रशासन भी त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है।
ईद के इस पावन अवसर पर रूदौली तहसील क्षेत्र पूरी तरह खुशियों के रंग में रंगा नजर आ रहा है, जहां हर चेहरे पर मुस्कान और हर दिल में अमन-चैन की दुआ है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *