नाइजीरिया में नाव पलटने से 24 लोगों की मौत, अंतिम संस्कार में जा रहे थे सभी लोग

Saiadmin

अबुजा (नाइजीरिया) : दक्षिणी नाइजीरिया में एक नाव के पलटने से उसमें सवार कम से कम 24 लोगों की मौत हो गई. आपातकालीन सेवाओं ने यह जानकारी दी.

नाइजीरिया की राष्ट्रीय आपातकालीन प्रबंधन एजेंसी के प्रवक्ता मांजो इजेकी ने एक बयान में बताया कि लोग नाव से अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए जा रहे थे तभी शुक्रवार को देश के दक्षिण-दक्षिण क्षेत्र के बायेल्सा राज्य में वह डूब गई.

उन्होंने कहा कि तलाश एवं बचाव अभियान जारी है. हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि कितने लोग लापता हैं. पुलिस प्रवक्ता मूसा मोहम्मद ने शुक्रवार को बताया कि 24 अन्य लोगों को बचा लिया गया.

अधिकारियों ने यह नहीं बताया कि नाव में कुल कितने यात्रियों के सवार होने का अनुमान है. मोहम्मद ने कहा कि प्रारंभिक रिपोर्ट से पता चलता है कि नाव में तकनीकी खराबी आ गई थी.

चालक ने नाव किनारे ले जाने किया था इनकार

उन्होंने कहा कि यात्रियों ने नाव चालक से नाव को किनारे की ओर ले जाने को कहा लेकिन उसने ऐसा करने से कथित तौर पर इनकार कर दिया. उन्होंने बताया कि नाव चालक घटनास्थल से कथित तौर पर फरार हो गया और नाव के प्रबंधक को हिरासत में ले लिया गया. इस हादसे के बाद बायेल्सा राज्य सरकार ने नाव संचालकों और यात्रियों से सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की.

बायेल्सा की सूचना आयुक्त एबिउवो कोकू-ओबियाई ने शनिवार को एक बयान में कहा, ‘‘नावों में क्षमता से अधिक लोगों को बैठाने, तेज गति से नाव चलाने, लापरवाही बरतने और जीवन रक्षक जैकेट के बिना यात्रा करने पर रोक लगनी चाहिए. कोई भी यात्रा जान से बढ़कर नहीं है.’’

राष्ट्रपति ने जताया दुख

नाइजीरिया के राष्ट्रपति बोला टिनुबू ने हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि जिन लोगों की जान गई है, वे ऐसी परिस्थितियों में अपनी जान गंवाने के हकदार नहीं थे. राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘इस हादसे में जिन लोगों की जान गई, वे इस तरह से मरने के हकदार नहीं थे.’

नाइजीरिया में नाव पलटने के कई हादसे

नाइजीरिया की नदियों और जलमार्गों पर नाव हादसे अक्सर होते रहते हैं. इसकी मुख्य वजह नावों में क्षमता से अधिक लोगों का होना, खराब रखरखाव और सुरक्षा नियमों का पालन न करना शामिल है.

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *