अबुजा (नाइजीरिया) : नाइजीरिया के ओंडो राज्य में एक स्थानीय पेय का सेवन करने से कम से कम 48 लोगों की मौत हो गई, जबकि 100 अन्य का इलाज चल रहा है. अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी.
ओंडो पुलिस के प्रवक्ता अबायोमी जिमोह ने बताया कि इस घटना के सिलसिले में गिरफ्तार किए गए 15 लोगों में से एक व्यक्ति ऐसे पेय का उत्पादन कर रहा था. उन्होंने बताया कि पेय में ‘‘मेथनॉल होने का संदेह है और आरोपी फिलहाल जांच में पुलिस की मदद कर रहा है.”
राज्य के स्वास्थ्य आयुक्त बांजी अजाका ने बताया कि हाल के दिनों में ओंडो के ओडिग्बो और इरेले क्षेत्रों में इस पेय का सेवन करने के बाद 100 से अधिक अन्य लोग बीमार हो गए हैं.
उन्होंने कहा, ‘यह सब बहुत तेजी से हुआ. सेवन करने के बाद मात्रा के आधार पर गुर्दे खराब हो जाएंगे, आंखें काम करना बंद कर देंगी, मस्तिष्क क्षतिग्रस्त हो जाएगा. उन्होंने आगे कहा कि तरल पदार्थ का सेवन करने के बाद बीमार हुए कुछ लोगों को बाद में अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है.
दो हफ्ते पहले हुई थी पहली मौत
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, पहली मौत की सूचना लगभग दो सप्ताह पहले मिली थी. अफ्रीका के सबसे अधिक आबादी वाले देश में, विशेष रूप से नाइजीरिया के ग्रामीण इलाकों में, जहां स्थानीय रूप से निर्मित शराब अधिक सस्ती होती है, वहां इसका सेवन करना सामान्य बात है.
