यीडा की बड़ी कार्रवाई: दनकौर में 46,000 वर्ग मीटर की 500 करोड़ की भूमि अवैध कब्जे से मुक्त

Saiadmin

संचार नाउ। ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) ने मंगलवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम दनकौर में खसरा नंबर 211 पर फैली 4.6 हेक्टेयर (लगभग 46,000 वर्ग मीटर) की प्राधिकरण की बहुमूल्य भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त करा लिया। इस भूमि का अनुमानित मूल्य लगभग 500 करोड़ रुपये बताया जा रहा है।

दरअसल, यह अभियान यीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह के निर्देश पर विशेष कार्याधिकारी शैलेंद्र सिंह के नेतृत्व में चलाया गया। अभियान में यीडा के विशेष कार्याधिकारी शिवौतार सिंह, एसीपी अरविंद सिंह, तहसीलदार मनोज कुमार सिंह, धर्मेंद्र सिंह सहित राजस्व टीम, परियोजना विभाग, दनकौर थाना पुलिस, प्राधिकरण सुरक्षा बल और जेसीबी मशीनें तैनात रहीं।

कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से खड़े किए गए टीनशेड, पक्की-कच्ची दीवारें, झोपड़ियां और अन्य स्थायी-अस्थायी निर्माण पूरी तरह ध्वस्त कर दिए गए। प्राधिकरण के अनुसार यह भूमि यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे स्थित है और महत्वपूर्ण औद्योगिक एवं शहरी विकास परियोजनाओं के लिए आरक्षित है।

अभियान की निगरानी कर रहे शैलेंद्र सिंह ने अतिक्रमणकारियों को सख्त संदेश देते हुए कहा कि प्राधिकरण की भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यमुना एक्सप्रेसवे–ईस्टर्न पेरिफेरल इंटरचेंज क्षेत्र में विकास परियोजनाओं को गति देने के लिए सरकारी और प्राधिकरण की हर इंच जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराना प्राथमिकता है।

यीडा ने चेतावनी दी है कि भविष्य में अतिक्रमण पाए जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई, लागत वसूली और आपराधिक मुकदमा दर्ज किया जाएगा। प्राधिकरण ने कहा कि अतिक्रमण हटाओ अभियान निरंतर जारी रहेगा।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *