विधायक रामचंद्र यादव ने किया शिलान्यास, 395 लाख से अधिक की विकास योजनाओं की शुरुआत
अयोध्या। रुदौली विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीण कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में मंगलवार को बड़ा कदम उठाया गया। क्षेत्रीय विधायक रामचंद्र यादव ने चार महत्वपूर्ण संपर्क मार्गों का भूमि पूजन कर शिलान्यास किया। इन सड़कों के निर्माण से दर्जनों गांवों को मुख्य मार्गों से सीधा जुड़ाव मिलेगा और आवागमन में वर्षों से चली आ रही दिक्कतें दूर होंगी।
विकास खंड मवई के पंचायत भवन रामपुर जनक में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अमौनी मठ मार्ग से सिंहागढ़ संपर्क मार्ग के निर्माण कार्य की औपचारिक शुरुआत की गई। विधायक ने कहा कि सड़कें किसी भी क्षेत्र के विकास की आधारशिला होती हैं। बेहतर सड़क सुविधा से न केवल लोगों की आवाजाही आसान होती है, बल्कि व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूती मिलती है।
आस्था स्थल तक सुगम पहुंच पर जोर
विधायक रामचंद्र यादव ने कहा कि अमौनी मठ क्षेत्र का प्रमुख धार्मिक स्थल है, जहां प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे स्थानों तक सुगम मार्ग होना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि अमौनी मठ के पास गोमती नदी पर पुल को स्वीकृति मिल चुकी है, जिससे क्षेत्रीय लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। पुल निर्माण कार्य जल्द शुरू कराया जाएगा।
चार संपर्क मार्गों का होगा निर्माण
वित्तीय वर्ष 2025-26 में मुख्यमंत्री योजना व मुख्यमंत्री ग्राम योजना के तहत चार संपर्क मार्गों का निर्माण किया जाएगा अमौनी मठ मार्ग से सिंहागढ़ संपर्क मार्ग लागत ₹122.31 लाख, लंबाई 1.70 किमी, भेलसर–रुदौली इन्हौना मार्ग से रमडिहा संपर्क मार्ग लागत ₹84.58 लाख, लंबाई 1.150 किमी, भेलसर–रुदौली इन्हौना मार्ग से तकिया संपर्क मार्ग लागत ₹113.50 लाख, लंबाई 1.250 किमी, रुदौली गौरियामऊ मार्ग से अजरका संपर्क मार्ग लागत ₹75.50 लाख, लंबाई 1 किमी।
ग्रामीणों को मिलेगा सीधा लाभ
इन सड़कों के बनने से किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में सुविधा होगी, छात्रों और मरीजों का सफर आसान होगा और क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी। विधायक ने कहा कि सभी कार्यों को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूरा कराया जाएगा। कार्यक्रम में अमौनी मठ के महंत सत्य भारती, नगर पंचायत मां कामाख्या के चेयरमैन शीतला प्रसाद शुक्ल, बाबाबाजार मंडल अध्यक्ष राकेश तिवारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
