बागपत: कोतवाली क्षेत्र के बाघु गांव में एक महिला का जला हुआ शव मिलने से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है. पुलिस की टीम राख के ढेर को भी जेसीबी से खंगाल रही है, ताकि हत्या का कोई सुराग मिल सके.
महिला का शव मिला: जानकारी के मुताबिक बागपत क्षेत्र के बाघू गांव में गुरुवार की देर रात ग्रामीणों ने सड़क किनारे भाकियू (भानू) नेता जगत सिंह गुर्जर की खेत के पास एक बटौडे में आग लगी देखी. जिसकी सूचना डायल 112 पर पुलिस को दी गई, मौके पर पहुंची पुलिस ये कहकर चली गई कि शरारती तत्वों की यह हरकत है. लेकिन सुबह जब किसान खेतों में काम करने पहुंचे तो उन्होंने जली हुई अवस्था में एक महिला का शव देखा. जिसको देखकर सबके होश उड़ गए, ग्रामीणों ने आनन-फानन में पुलिस को फिर सूचना दी. मौके पर जिले के पुलिस कप्तान फोर्स के साथ घटनास्थल पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी.
रहस्य बनी महिला: एसपी बागपत सूरज कुमार रॉय ने घटना की पुष्टी करते हुए बताया कि बागपत क्षेत्र के बाघु गांव में एक महिला का जला हुआ शव मिला है, जिसको पोस्टमार्टम के लिए भेज कर ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है, आसपास में लगे सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले जा रहे हैं. जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा. वहीं, ग्रामीणों के मुताबिक महिला के बाहरी होने की आशंका जताई जा रही है, जिसे यहां लाकर जलाया गया है. गांव में ना ऐसी कोई वारदात हुई है और ना कोई महिला लापता है. फिलहाल महिला, पुलिस के लिए रहस्य बनी हुई है. जिसे उजागर करने के लिए एसपी बागपत ने टीम गठित कर दी है.
