सोनीपत : हरियाणा के सोनीपत पहुंचे योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि ऐसे तमाम कालनेमि होंगे, जो धर्म की आड़ में सनातन धर्म को कमजोर करने की साजिश रच रहे होंगे, हमें उनसे सावधान रहना होगा.
“कालनेमि साज़िश रच रहे” : सोनीपत पहुंचे यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ ने बोलते हुए कहा कि “एक योगी के लिए, एक संन्यासी के लिए, एक संत के लिए धर्म और राष्ट्र से बढ़कर कुछ नहीं हो सकता. यही उसके जीवन का ध्येय होना चाहिए. उसकी व्यक्तिगत प्रॉपर्टी कुछ नहीं होती, धर्म ही उसकी प्रॉपर्टी है, राष्ट्र ही उसका स्वाभिमान है.अगर कोई राष्ट्र के स्वाभिमान को चुनौती देता है तो हमें खुलकर उसके सामने आकर खड़े हो जाना चाहिए. उसकी चुनौती का मुकाबला करने के लिए खड़ा होना चाहिए. ऐसे तमाम कालनेमि हैं, जो धर्म की आड़ में सनातन धर्म को कमजोर करने की साजिश रच रहे हैं. सनातन को कमजोर करने वाले लोगों से सतर्क रहना होगा.”
सोनीपत पहुंचे थे योगी आदित्यनाथ : आपको बता दें कि सोनीपत जिले के मुरथल स्थित नागे बाबा मंदिर में आज मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा समारोह का आयोजन किया गया था जिसके लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नागे बाबा मंदिर पहुंचे थे. हरियाणा के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बडौली ने इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का स्वागत एवं अभिनंदन किया. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने कहा कि सिद्ध योगेश्वरों ने इस स्थान को अपनी तपस्थली बनाया और समाज का उत्थान करने का काम किया. समारोह में कैबिनेट मंत्री अरविंद शर्मा, यूपी के सिंचाई मंत्री स्वतंत्र देव, पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह, तिजारा से विधायक एवं महंत बाबा बालक नाथ, विधायक कृष्णा गहलावत, निखिल मदान, देवेंद्र कादियान सहित साधु, संत उपस्थित रहे.
