अयोध्या । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को एक दिवसीय दौरे पर अयोध्या पहुंचे। इस दौरान उन्होंने संकटमोचन हनुमानगढ़ी मंदिर और श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में दर्शन-पूजन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। मुख्यमंत्री ने श्रीराम मंदिर परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की भी जानकारी ली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हेलीकॉप्टर रामकथा पार्क स्थित हेलीपैड पर उतरा, जहां जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री सीधे संकटमोचन हनुमानगढ़ी मंदिर पहुंचे और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुखमय जीवन की प्रार्थना की।
हनुमानगढ़ी में दर्शन के पश्चात मुख्यमंत्री श्रीराम जन्मभूमि मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने श्रीरामलला के चरणों में शीश नवाया, आरती उतारी तथा मंदिर की परिक्रमा की। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति के बारे में भी जानकारी ली। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने उन्हें मंदिर निर्माण की वर्तमान स्थिति और आगामी योजनाओं से अवगत कराया।
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने हनुमानगढ़ी में संत-महात्माओं से भी मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। उन्होंने महंत प्रेमदास जी महाराज सहित अन्य संतों से संवाद किया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
मुख्यमंत्री के अयोध्या आगमन पर प्रभारी मंत्री एवं कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, महापौर गिरीश पति त्रिपाठी, विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, रामचंद्र यादव, चंद्रभानु पासवान, अमित सिंह चौहान, अभय सिंह तथा श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
सीएम योगी ने श्रीराम मंदिर व हनुमानगढ़ी में किया दर्शन-पूजन, निर्माण कार्यों की प्रगति की ली जानकारी
Leave a Comment
