स्वस्थ बचपन की ओर कदम: रुद्रपुर में ‘राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस’ का भव्य आगाज़

Saiadmin

रूद्रपुर। जनपद में बच्चों को कुपोषण मुक्त और स्वस्थ बनाने के उद्देश्य से गुरूवार को ’राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस’ का भव्य शुभारंभ किया गया। जिलाधिकारी द्वारा ’राजकीय कन्या उच्च प्राथमिक विद्यालय, गांधी कॉलोनी में स्कूली बच्चों को कृमि नाशक एल्बेंडाजोल की दवा खिलाकर अभियान का विधिवत उद्घाटन किया गया।

जिलाधिकारी ने उपस्थित शिक्षकों,समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी, छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए पेट के कीड़ों से मुक्ति आवश्यक है। कृमि संक्रमण से न केवल बच्चों में खून की कमी (एनीमिया) होती है, बल्कि उनकी सीखने की क्षमता पर भी बुरा असर पड़ता है।

उन्होने कहा कि स्वास्थ्य विभाग और शिक्षा विभाग के समन्वय से जनपद के शत-प्रतिशत बच्चों को यह दवा खिलाई जाएगी। अभियान के अंतर्गत जनपद के समस्त सरकारी, निजी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से 1 से 19 वर्ष तक के 603960 बच्चों को यह दवा खिलाई जाएगी।
जिलाधिकारी ने आश्वस्त किया कि यह दवा पूरी तरह सुरक्षित है और स्वास्थ्य कर्मियों की देखरेख में दी जा रही है।

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने बच्चों को भोजन से पहले हाथ धोने और खुले में शौच न करने जैसी स्वस्थ आदतों को अपनाने की शपथ भी दिलाई।

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ केके अग्रवाल ने बताया कि जो बच्चे आज किसी कारणवश दवा नहीं खा पाए हैं, उन्हें आगामी 14 मई (मॉप-अप डे) पर दवा खिलाई जाएगी।

इस अवसर पर मुख्य शिक्षा अधिकारी श्री हरेंद्र मिश्रा, खंड शिक्षा अधिकारी सावेद आलम, डीपीएम हिमांशु मुस्यूनी, आरबीएस टीम से कार्यक्रम प्रबंधक जावेद पूरन, आमिर, पंकज गुसाईं, विद्यालय की प्रधानाचार्य एवं छात्राएं आदि उपस्थित थे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *