पत्नी ने चाकू से गोदकर की पति की हत्या, फोन पर बातचीत का विवाद बना मौत का सबब, आरोपी को पुलिस ने भेजा जेल

Saiadmin

उत्तर प्रदेश के कानपुर के फीलखाना क्षेत्र से एक हैरतंगेज आपराधिक वारदात सामने आई है। यहां एक कपूर कारोबारी को उनकी पत्नी ने ही चाकू से गोदकर मौत के घाट उतार दिया है। आरोप है कि पत्नी का पिछले कुछ सालों से किसी से अफेयर चल रहा था। पति को इसकी जानकारी हो गई थी। 5 जून को प्रेमी से फोन पर बात करने के दौरान पति के टोकने पर भड़की पत्नी ने यह खौफनाक कदम उठाया। उसने किचन से चाकू लाकर अपने पति के पेट में मार दिया। गंभीर रूप से घायल पति को हैलेट अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां इलाज के दौरान मंगलवार को उसकी मौत हो गई। कपूर कारोबारी के पिता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

घटना, कानपुर के फीलखाना क्षेत्र के बालाजी धाम अपार्टमेंट की है। मिली जानकारी के अनुसार 45 वर्षीय मनीष कपूर का कारोबार करते थे। परिवार में पिता रामकिशोर, मां मीरा, पत्नी निहारिका और पांच साल का बेटा है। पिता रामकिशोर ने बताया कि 2017 में उनके बेटे मनीष ने काहूकोठी में रहने वाली निहारिका से प्रेम विवाह किया था। करीब दो साल पहले बेटे को पता चला कि बहू का किसी से प्रेम प्रसंग चल रहा है। इस बात को लेकर अक्सर दोनों के बीच में झगड़ा होता था। 5 जून को बहू फोन पर बातचीत कर रही थी। बेटे ने उसे टोका तो वह झगड़ा करने लगी। इस दौरान बहू ने किचन से चाकू लाकर बेटे के पेट में मार दिया। इससे बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। परिवारीजनों उसे तत्काल केपीएम अस्पताल ले गए जहां से उसे हैलेट अस्पताल रेफर कर दिया गया। यहां उपचार के दौरान मंगलवार को बेटे की मौत हो गई।

मनीष की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। इस घटना से पूरे फीलखाना क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। हर किसी की जुबान पर इसी घटना की चर्चा है। पिता का कहना है कि निहारिका से मनीष ने नौ साल पहले लव मैरिज की थी। शुरुआत में दोनों के बीच सब ठीक-ठाक था लेकिन फिर निहारिका का अफेयर किसी और से हो गया। दो साल पहले मनीष को इस बारे में पता चला तो उसके पैरों के नीचे से जमीन खिसक गई। इसके बाद से उनकी पारिवारिक जिंदगी में आए दिन क्लेश होने लगा। दोनों के बिगड़ते रिश्तों को लेकर परिवार के लोग चिंतित थे लेकिन किसी ने यह नहीं सोचा था कि इस नाजायज रिश्ते का ऐसा खौफनाक अंजाम होगा।

क्या बोली पुलिस

इस बारे में पूछे जाने पर फीलखाना थाना प्रभारी अभय नारायण ने बताया कि पीड़ित परिवार की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपित महिला को गिरफ्तार करके पूछताछ की गई। उसे फिलहाल जेल भेजा गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल कर रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके आधार पर आगे की विधिक कार्यवाही की जाएगी।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *