पाकिस्तान: खैबर पख्तूनख्वा में खाई में गिरी बस, 40 यात्रियों की मौत; बचाव अभियान जारी

Saiadmin

पेशावर/इस्लामाबाद: पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी प्रांत खैबर पख्तूनख्वा में शुक्रवार को एक बस के गहरी खाई में गिर जाने से महिलाओं और बच्चों समेत कम से कम 40 लोगों की मौत हो गई तथा आठ अन्य लोग घायल हो गए. अधिकारियों ने यह जानकारी दी.

अधिकारियों ने बताया कि पेशावर जा रही बस बलूचिस्तान के क्वेटा से रवाना हुई थी और उसके खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के डेरा इस्माइल खान जिले में पहुंचने के बाद यह हादसा हुआ.

प्रारंभिक जांच से पता चला है कि पहाड़ी इलाके में एक दुर्गम मोड़ से गुजरते समय बस के ब्रेक ने काम करना बंद कर दिया जिससे चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और बस फिसलकर सड़क से नीचे खाई में गिर गई.

अधिकारियों ने बताया कि हादसे के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है. बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री सरफराज बुगती के मीडिया एवं राजनीतिक मामलों के सहयोगी शाहिद रिंद ने कहा, “प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, हादसे में 40 लोगों की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हुए हैं.”

उन्होंने कहा, “दोनों प्रांतों के जिला प्रशासन, बचाव दल और अन्य संबंधित विभाग प्रभावित लोगों को सहायता मुहैया करा रहे हैं.” बचाव दल ‘रेस्क्यू 1122’ के अनुसार, हादसे के समय बस में 48 लोग सवार थे.

समाचार पत्र ‘डॉन’ ने बताया कि क्वेटा से रवाना होते समय बस में 36 लोग सवार थे जबकि अन्य यात्री रास्ते में उसमें चढ़े थे. शेरानी जिले के उपायुक्त वली खान काकर ने बताया कि मृतकों और घायलों की पहचान की जा रही है. दुर्गम भूभाग, खराब मौसम, यातायात नियमों के लगातार उल्लंघन, सड़कों एवं वाहनों की खराब स्थिति और अप्रशिक्षित चालकों जैसे कारकों की वजह से खैबर पख्तूनख्वा के पहाड़ी इलाकों में सड़क दुर्घटनाएं होना आम बात है.

देश के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने संबंधित अधिकारियों को घायलों के लिए हरसंभव मदद और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. राष्ट्रपति कार्यालय ने एक बयान में कहा, “इस दुखद हादसे से प्रभावित परिवारों के दुख में पूरा देश उनके साथ है.”

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *