लखनऊ। राजधानी लखनऊ में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देह व्यापार का सिंडिकेट चलाने के आरोप में एक वर्ष से फरार उज्बेकिस्तान की लोला कायूमोवा को लखनऊ पुलिस और इंटेलिजेंस ब्यूरो की टीम ने गोमती नगर से गिरफ्तार किया है।
उज्बेकिस्तान महिला लोला कायूमोवा को लखनऊ पुलिस और खुफिया एजेंसी (IB) ने मैक्स अस्पताल के पास से मंगलवार देर शाम को गिरफ्तार किया। वह लखनऊ में सेक्स रैकेट चलाने के मामले में एक वर्ष से फरार थी। उसने पुलिस से बचने के लिए प्लास्टिक सर्जरी करवाकर अपना चेहरा बदल लिया था। उसको सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस को सौंप दिया गया है।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देह व्यापार का सिंडिकेट चलाने और विदेशी युवतियों को अवैध रूप से लखनऊ में ठहराने का मामला जून 2025 में सामने आया था। कुछ विदेशी युवतियों के पकड़े जाने के बाद लोला का नाम सामने आने पर उसने चेहरा बदलने के लिए प्लास्टिक सर्जरी का सहारा लिया था।
बिना पासपोर्ट-वीजा भारत में रह रही उज्बेकिस्तान की नीलोफर और होलिडा से लोला मसाज पार्लर में काम करवाती थी और वहीं से उनकी बुकिंग भी करती थी। 19 जून की रात सुशांत गोल्फ सिटी स्थित ओमेक्स आर-वन के एक फ्लैट में पुलिस और एफआरआरओ की टीम ने छापा मारकर बिना पासपोर्ट और वीजा के रह रही दो उज्बेकिस्तानी युवतियों को पकड़ा था। पूछताछ में युवतियों ने अपना नाम होलीडा और नीलोफर बताया। पुलिस के आने की सूचना पर लोला फरार हो गई थी। लोला कायूमोवा 19 जून 2025 से फरार चल रही थी और मंगलवार को पकड़ी गई।
हाई-प्रोफाइल सेक्स रैकेट, पॉश इलाकों के फ्लैट थे ठिकाना
हाई-प्रोफाइल सेक्स रैकेट चलाने वाली उज्बेकिस्तान की नागरिक लोला कायूमोवा नेपाल और उज्बेकिस्तान से अवैध रूप से विदेशी महिलाओं को लाती थी और प्लास्टिक सर्जरी कराकर देह व्यापार का धंधा चलाती थी। वह लखनऊ में डॉक्टर की मदद से महिलाओं की प्लास्टिक सर्जरी कराकर उनका हुलिया बदलवाती थी और पॉश इलाकों के फ्लैटों में रखकर उनसे देह व्यापार कराती थी। 20 जून 2025 को न्यू हजरतगंज स्थित अपार्टमेंट से दो विदेशी महिलाओं के पकड़े जाने के बाद से लोला अंडरग्राउंड चल रही थी।
49 की उम्र में 29 की दिखने की चाहत
49 वर्ष की उम्र में 29 साल की दिखने और पहचान पूरी तरह छिपाने के लिए लोला ने अहिमामऊ की मिनर्वा क्लीनिक के डॉ. विवेक गुप्ता की मदद ली। लोला ने अपने चेहरे, होंठ, अंडरआर्म्स और प्राइवेट पार्ट समेत कुल सात बार प्लास्टिक सर्जरी कराईं। डॉक्टर पर भी बिना पासपोर्ट-वीजा जांचे मोटी रकम लेकर सर्जरी करने और फर्जी पनाह देने में ओमेक्स के निवासी त्रिजिन राज उर्फ अर्जुन राणा की मदद करने के गंभीर आरोप हैं।
जांच जारी, अन्य मददगारों पर कसेगा शिकंजा
पुलिस अब लोला से गहन पूछताछ कर रही है, जिससे इस अंतरराष्ट्रीय रैकेट में शामिल अन्य स्थानीय मददगारों और नेटवर्क के बड़े चेहरों का खुलासा होने की पूरी उम्मीद है।
बेहद शातिर लोला
एफआरआरओ की टीम ने 20 जून 2025 को न्यू हजरतगंज के अपार्टमेंट स्थित कमरा नंबर 527 पर छापा मारा था। वहां से होलिडा और नीलोफर नाम की दो विदेशी महिलाएं फर्जी दस्तावेजों के साथ पकड़ी गई थीं। इनको लोला लाई थी और देह व्यापार कराती थी। उनके अवैध रूप से रहने की पुष्टि होने के बाद से लोला अंडरग्राउंड हो गई थी। लोला उसके बाद भी लखनऊ में छुपी रही और धंधा बढ़ाती रही।
उज्बेकिस्तान में लुकआउट नोटिस, चोरी-छिपे की थी शादी
जांच में सामने आया है कि लोला के खिलाफ उज्बेकिस्तान में भी लुकआउट नोटिस जारी है। लोला ने चोरी-छिपे लखनऊ में शादी की थी और अवैध रूप से रह रही थी। उसके नेपाल और उज्बेकिस्तान के गिरोहों से संपर्क थे। अब एजेंसियां पूरे नेटवर्क की पड़ताल में जुटी हैं।
फर्जी मैरिज सर्टिफिकेट
दोनों महिलाओं की गिरफ्तारी के बाद लखनऊ पुलिस ने जांच और तेज की, जिसमें लोला के फर्जीवाड़े की परतें खुलती गईं। लोला ने पुलिस और LIU को गुमराह करने के लिए फर्जी मैरिज सर्टिफिकेट के जरिए अपना आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस बनवा लिया था। उसने मैरिज सर्टिफिकेट में जिस व्यक्ति को अपना पति दिखाया, वह असल में उसका कस्टमर था। उसके धंधे में वो भी शामिल हो गया और अपने फ्लैट पर ही धंधा कराने लगा। लोला ने अपनी पहचान छिपाने के लिए उसने सात बार प्लास्टिक सर्जरी कराई है।
