दुकानदार की दिनदहाड़े नृशंस हत्या, कार सवार हमलावरों ने धारदार हथियार से काटा, जांच में जुटी पुलिस

Saiadmin

कानपुर: बिल्हौर क्षेत्र में मंगलवार सुबह दिनदहाड़े एक शृंगार व्यापारी की गला काटकर निर्मम हत्या कर दी गई. वारदात के बाद हमलावर धड़ को बीच सड़क पर छोड़कर फरार हो गए, जबकि कटा सिर घटनास्थल से 12 फीट दूर पानी से भरे गड्ढे में मिला. राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. घटना के खुलासे के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं.

मृतक की पहचान बिल्हौर कस्बे के वैष्णव नगर निवासी 45 वर्षीय राज किशोर पटवा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से देवहा गांव के रहने वाले थे. मंगलवार सुबह वह अपनी साइकिल से गांव जाने के लिए घर से निकले थे, जिसके करीब एक घंटे बाद ही खुर्द खोजनपुर मोड़ के पास उनका शव मिलने की खबर आई. घटना की जानकारी मिलते ही उनकी पत्नी मधु और तीनों बेटियां रोती-बिलखती मौके पर पहुंचीं.

पत्नी मधु ने पुलिस को बताया कि राज किशोर महिलाओं के शृंगार के सामान का कारोबार करते थे और सुबह 8 बजे घर से निकले थे. सुबह 9 बजे उनके साथ अनहोनी की सूचना मिली. सूचना के बाद बिल्हौर थाने की पुलिस फोर्स ने आसपास सर्च अभियान चलाकर पानी भरे गड्ढे से कटा हुआ सिर बरामद किया. व्यापारी के शरीर पर सिर कटने के अलावा किसी अन्य चोट के निशान नहीं मिले हैं, जिससे अंदेशा जताया जा रहा है कि हमलावरों ने धारदार हथियार से अचानक वार कर वारदात को अंजाम दिया.

जानकारी देते हुए डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम अबीदी और एसीपी अंकित कुमार ने घटनास्थल का जायजा लिया. डीसीपी एसएम कासिम अबीदी ने बताया कि परिवार के लोगों से पूछताछ की जा रही है और फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं. उन्होंने कहा कि इस घटना का जल्द खुलासा करने और आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीमों को लगा दिया गया है.

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *