ग्राम लौंगपुर में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की ग्राम चौपाल, स्टालो का किया निरीक्षण

Saiadmin

विकसित भारत–जी राम जी अधिनियम से गांवों में पारदर्शी व संतुलित विकास सुनिश्चित होगा : उपमुख्यमंत्री

ग्राम चौपाल में आवास, आयुष्मान, पेंशन व आजीविका योजनाओं के लाभार्थियों को मिला लाभ

लखनऊ : 10 जनवरी, 2026

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य की अध्यक्षता में आज जनपद बरेली की ब्लाक फरीदपुर स्थित ग्राम पंचायत लौंगपुर में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। ग्राम चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान ग्राम स्तर पर ही किए जाने के साथ-साथ विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
उपमुख्यमंत्री ने चौपाल को संबोधित करते हुए विकसित भारत – जी राम जी (विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन ग्रामीण अधिनियम-2025) के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस अधिनियम से गांवों का समान और संतुलित विकास सुनिश्चित होगा। ग्राम सभाओं को विकास मानकों के आधार पर तीन श्रेणियों में विभाजित कर योजनाबद्ध तरीके से विकास किया जाएगा। जो गांव विकास की दौड़ में पीछे रह गए हैं, उन्हें मुख्यधारा से जोड़ा जाएगा तथा आधारभूत अवसंरचनाओं के निर्माण को प्राथमिकता दी जाएगी।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि इस अधिनियम को पीएम गति शक्ति पोर्टल से जोड़ा जाएगा, जिससे विकास कार्यों में दोहराव नहीं होगा और पारदर्शिता सुनिश्चित होगी। इससे भ्रष्टाचार पर प्रभावी नियंत्रण लगेगा। उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीबों के कल्याण के लिए ऐतिहासिक कार्य किए गए हैं और सरकार गरीब, किसान एवं महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए संकल्पबद्ध है।
उन्होंने बताया कि देश में 3 करोड़ लखपति दीदी बनाने की घोषणा प्रधानमंत्री जी द्वारा की गई है। उत्तर प्रदेश में 3 करोड़ महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने तथा 1 करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का यूपी द्वारा लक्ष्य तय किया गया है। जिन पात्र परिवारों के पास पक्का मकान नहीं है, उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत आवास उपलब्ध कराया जाएगा, जबकि पात्र दिव्यांग एवं विधवाओं को मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान दिया जाएगा।
ग्राम चौपाल के दौरान लगाए गए विभागीय स्टॉलों का अवलोकन करते हुए उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन पात्र व्यक्तियों के आयुष्मान कार्ड नहीं बने हैं, उनके कार्ड शीघ्र बनवाए जाएं। वृद्धावस्था पेंशन के पात्र व्यक्तियों के आवेदन भरवाकर पेंशन स्वीकृत कर धनराशि सीधे उनके खातों में भेजी जाए। उन्होंने बताया कि देश में अब तक 4 करोड़ लोगों को पक्के मकान दिए जा चुके हैं तथा आने वाले समय में 3 करोड़ और परिवारों को आवास उपलब्ध कराया जाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत गरीब परिवारों को 5 लाख रुपये तक का निःशुल्क इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत पात्र किसानों को प्रतिवर्ष 6 हजार रुपये प्रदान किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया। मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत स्वीकृति पत्र वितरित किए गए, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से चाबियाँ सौंपी गईं, आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए तथा बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया। खाद्य प्रसंस्करण उद्योग नीति एवं प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना के लाभार्थियों को सब्सिडी के प्रतीकात्मक चेक प्रदान किए गए। उप मुख्यमंत्री द्वारा पौधरोपण भी किया गया।
इस अवसर पर माननीय सांसद श्री छत्रपाल सिंह गंगवार, विधान परिषद सदस्य श्री बहोरन लाल मौर्य एवं श्री कुंवर महाराज सिंह, विधायकगण डॉ. एम.पी. आर्य, डॉ. डी.सी. वर्मा एवं डॉ. राघवेन्द्र शर्मा, श्री आदेश प्रताप सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रश्मि पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *