कानपुर: महोली में भीषण सड़क हादसा, अनियंत्रित फॉर्च्यूनर गैस टैंकर में घुसी, फैक्टरी मालिक की मौके पर मौत

Saiadmin

कानपुर: कानपुर-प्रयागराज नेशनल हाईवे पर शनिवार सुबह सड़क हादसा हो गया. महाराजपुर थाना क्षेत्र के महोली मोड़ के पास एक तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर लांघते हुए दूसरी लेन में जा पहुंची.

दूसरी तरफ से आ रहे गैस टैंकर से कार की सीधी भिड़ंत हो गई. इस भीषण हादसे में फॉर्च्यूनर चला रहे शहर के मशहूर कत्था कारोबारी की मौके पर ही मौत हो गई.

फैक्ट्री जाते समय अनियंत्रित हुई कार, परखच्चे उड़े: कानपुर के स्वरूप नगर निवासी 45 वर्षीय पंकज अग्रवाल बड़े कत्था कारोबारी थे. शनिवार सुबह वे अपनी फॉर्च्यूनर कार से फतेहपुर के चौडगरा स्थित अपनी फैक्ट्री जा रहे थे. जैसे ही वे महाराजपुर के महोली मोड़ के पास पहुंचे, अचानक उनकी कार बेकाबू हो गई. कार डिवाइडर से टकराकर कई बार पलटते हुए दूसरी लेन में चली गई और सामने से आ रहे टैंकर में जा घुसी.

लोहे का हिस्सा काटकर निकाला बाहर: टक्कर इतनी भयानक थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और पंकज अग्रवाल अंदर ही फंस गए. राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस और ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद कार के शीशे तोड़े और लोहे को काटकर उन्हें बाहर निकाला. लोग उन्हें तुरंत सीएचसी सरसौल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया.

क्रेन से हटाए गए वाहन, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस: घटना के बाद हाईवे पर काफी देर तक लंबा जाम लगा रहा. पुलिस टीम ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. हादसे की असली वजह जानने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है.

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *