नैनीताल में हादसा: अनियंत्रित होकर खाई में गिरी टैक्सी, जान बचाने को मची चीख-पुकार

Saiadmin

नैनीताल: हल्द्वानी लौट रहे लखनऊ के पर्यटकों की टैक्सी ज्योलीकोट के पास 23 जुलाई गुरुवार सुबह गहरी खाई में गिर गई. हादसे में वाहन चालक समेत सात लोग घायल हो गए, जिनमें चालक और एक पर्यटक की हालत गंभीर बताई जा रही है. सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और त्वरित रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी घायलों को खाई से बाहर निकाला.

घटना के मुताबिक, सभी लोग नैनीताल भ्रमण के बाद हल्द्वानी लौट रहे थे. इसी दौरान पर्यटकों का वाहन ज्योलीकोट के समीप अनियंत्रित होकर करीब 40 मीटर गहरी खाई में जा गिरा. हादसे में वाहन चालक समेत सात लोग घायल हो गए. गंभीर रूप से घायल चालक और एक पर्यटक को प्राथमिक उपचार के बाद 108 एंबुलेंस से हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर किया गया है.

जानकारी के अनुसार, लखनऊ के गोमतीनगर निवासी सिद्धार्थ प्रताप सिंह (24), निखिल त्रिपाठी (20), आदित्य त्रिपाठी (24), सिद्धांत सिंह (23), आदर्श मिश्रा (23) और निखिलेंद्र सिंघल (23) नैनीताल घूमने आए थे. सभी पर्यटक हल्द्वानी निवासी चालक संग्राम सिंह के साथ टैक्सी संख्या यूके 04 टीबी 3870 से काठगोदाम की ओर रवाना हुए.

बताया जा रहा है कि वाहन ज्योलीकोट के एक नंबर क्षेत्र से थोड़ा आगे पहुंचा ही था कि अचानक चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा. देखते ही देखते टैक्सी सड़क से नीचे लगभग 40 मीटर गहरी खाई में जा गिरी. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एसडीआरएफ को सूचना दी.

सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया. कड़ी मशक्कत के बाद सभी घायलों को खाई से सुरक्षित बाहर निकाला गया.

हादसे में चालक संग्राम सिंह और पर्यटक निखिलेंद्र सिंघल गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि अन्य पर्यटकों को हल्की चोटें आई हैं. सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद 108 एंबुलेंस के माध्यम से सुशीला तिवारी चिकित्सालय, हल्द्वानी भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है.
-सुनील कुमार, एएसआई, एसडीआरएफ-

प्राथमिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने की बात सामने आई है. पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है. हादसे के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल रहा, हालांकि रेस्क्यू अभियान पूरा होने के बाद यातायात सामान्य कर दिया गया.

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *