जापान में भूकंप के झटकों से इमारतें गिरी, 48 हजार घरों की बिजली कटी; कई लोग घायल

Saiadmin

टोक्यो: जापान के दक्षिणी द्वीप क्यूशू में मंगलवार को 7.1 तीव्रता का भूकंप आया, जिसके बाद सुनामी की चेतावनी जारी की गई. जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने कहा, दक्षिणी मुख्य द्वीप क्यूशू के कुमामोटो में मंगलवार दोपहर को 7.1 की शुरुआती तीव्रता वाला भूकंप आया और सुनामी की चेतावनी जारी की गई.

एजेंसी ने कहा कि भूकंप समुद्र की सतह से 10 किलोमीटर नीचे आया.

फिलहाल भूकंप से किसी नुकसान या लोगों के हताहत होने की खबर नहीं मिली है.

शक्तिशाली भूकंप आने के बाद जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची ने एक्स पर पोस्ट किए गए एक संदेश में लोगों से समुद्र तट से दूर रहने की अपील की, जहां 1 मीटर (3 फीट) तक की सुनामी आने का अनुमान है. उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने जानकारी इकट्ठा करने, संभावित नुकसान का अंदाजा लगाने और जरूरत पड़ने पर बचाव अभियान की तैयारी के लिए एक टास्क फोर्स बनाई है.

ताकाइची ने कहा, “हम लोगों की जान को सबसे पहली प्राथमिकता दे रहे हैं.” उन्होंने भूकंप से बुरी तरह प्रभावित इलाकों के निवासियों से संभावित तेज झटकों को देखते हुए सावधानी बरतने की अपील की.

भूकंप कुमामोटो के पश्चिमी इलाके में आया, जो राजधानी टोक्यो से लगभग 900 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में है.

एजेंसी ने कहा कि सुनामी की चेतावनी कुमामोटो के पश्चिमी तट पर पास की एरियाके खाड़ी के लिए थी.

अमेरिकी पैसिफिक सुनामी वॉर्निंग सेंटर ने कहा कि स्थानीय तटों के आगे सुनामी का कोई खतरा नहीं है.

परमाणु संयंत्रों को कोई नुकसान नहीं

जापान के न्यूक्लियर रेगुलेशन अथॉरिटी ने कहा कि भूकंप से पास के तीन परमाणु ऊर्जा संयंत्रों को कोई नुकसान नहीं हुआ है.

साल 2016 में कुमामोटो में एक खतरनाक भूकंप आया था जिसमें 50 से ज्यादा लोग मारे गए थे और 1,800 घायल हुए थे. भूकंप से हजारों घर ध्वस्त हो गए थे या क्षतिग्रस्त हो गए थे.

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *