विश्व की सबसे बड़ी एआई चिप्स बनाने वाली कंपनियों में शामिल एनवीडिया के सीईओ (CEO) जेन्सन हुआंग को लेकर एक बड़ा मामला सामने आया है. जानकारी के मुताबिक हुआंग ने एक चीनी जासूस से अपने संबंधों पर स्वीकृति दी है. वहीं, इस चीनी जासूस ने एनवीडिया की सभी जरूरी जानकारियां चीन को भेजी. अब एनवीडिया कंपनी ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है.
एनवीडिया के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने रविवार को बताया कि कंपनी सीईओ जेन्सेन हुआंग के बारे में आई उन खबरों की जांच शुरू कर रही है, जिनमें कहा गया है कि वे ‘विदेशी खुफिया प्रयासों का निशाना’ थे.
यह घोषणा तब हुई जब हुआंग ने बोर्ड के सामने स्वीकार किया कि उनके एक बिजनेस एग्जीक्यूटिव के साथ अंतरंग संबंध थे. ‘द न्यूयॉर्क टाइम्स’ के अनुसार, अमेरिकी खुफिया एजेंसियों ने पता लगाया था कि वह बीजिंग के लिए जानकारी जुटा रही थी.
एनवीडिया के कर्मचारियों को लिखे एक पत्र में, हुआंग ने लिखा कि मैंने अपनी पत्नी के साथ बेवफाई की है. मेरे कामों से उसे और हमारे बच्चों को ठेस पहुंची है. मैंने जो किया, उसके लिए कोई बहाना नहीं है. मुझे बहुत पछतावा है. उन्होंने कहा कि वह अपने कामों की ‘पूरी जिम्मेदारी’ लेते हैं. हुआंग ने लिखा कि एनवीडिया का नेतृत्व करना मेरे जीवन का सौभाग्य है. मेरी जिम्मेदारी है कि मैं आपकी सेवा करूं और आपके भरोसे के काबिल बना रहूं. मैं इस जिम्मेदारी को निभाने में विफल रहा हूं.
एनवीडिया के बोर्ड ने कहा कि उसके पास ‘यह मानने का कोई कारण नहीं है’ कि राष्ट्रीय सुरक्षा या एनवीडिया के गोपनीय रहस्यों से कोई समझौता हुआ है, लेकिन उनकी जांच में उपलब्ध सभी जानकारियों की समीक्षा की जाएगी. बोर्ड ने बताया कि हुआंग ‘इस समीक्षा का पूरा समर्थन करते हैं और उन्होंने इसमें सहयोग करने का वादा किया है.’ 63 वर्षीय हुआंग जांच के दौरान CEO बने रहेंगे.
कंपनी के प्रवक्ता जॉन रिजो ने एक बयान में कहा कि आज की खबर से एनवीडिया की रफ्तार धीमी नहीं होगी. जेन्सेन बिना किसी रुकावट के CEO के तौर पर एनवीडिया का नेतृत्व जारी रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं.
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) विकसित करने की वैश्विक दौड़ में एनवीडिया (Nvidia) एक अहम खिलाड़ी बन गया है. इसके चिप्स कई ऐसे डेटा सेंटरों और कंप्यूटिंग सिस्टम को पावर देते हैं, जिनका इस्तेमाल AI मॉडल को ट्रेन करने और चलाने के लिए किया जाता है. इसके एडवांस्ड प्रोसेसर अमेरिकी निर्यात प्रतिबंधों के दायरे में भी रहे हैं, जिनका मकसद चीन की अत्याधुनिक सेमीकंडक्टर तकनीक तक पहुंच को सीमित करना है.
‘द टाइम्स’ ने पिछले महीने रिपोर्ट दी थी कि अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को पता चला है कि हुआंग के एलिस हुआंग के साथ करीबी संबंध बन गए थे. एलिस हुआंग एक चीनी नागरिक हैं और चिप खरीदती हैं. एजेंसियों ने यह भी पता लगाया कि वह सीधे बीजिंग को जानकारी दे रही थीं. ‘द टाइम्स’ के अनुसार, इन दोनों के बीच कोई पारिवारिक रिश्ता नहीं है.
एलिस हुआंग पहले चीन में एक टेलीविजन रिपोर्टर थीं. बाद में वह सिंगापुर स्थित डेटा सेंटर कंपनी ‘मेगास्पीड’ में एक शीर्ष अधिकारी बनीं. यह कंपनी दक्षिण-पूर्व एशिया में एनवीडिया (Nvidia) के सबसे बड़े ग्राहकों में से एक बन गई है. ‘टाइम्स’ के अनुसार, मेगास्पीड ने पिछले दो वर्षों में एनवीडिया से 4.8 अरब डॉलर से अधिक मूल्य की चिप्स खरीदी हैं.
एनवीडिया के सीईओ ने कर्मचारियों को लिखे पत्र में एलिस हुआंग का नाम नहीं लिया और न ही बीजिंग के साथ उनके कथित संबंधों का जिक्र किया. हालांकि, उन्होंने समाचार रिपोर्टों में उठाई गई राष्ट्रीय सुरक्षा संबंधी चिंताओं का उल्लेख जरूर किया और कहा कि वह बोर्ड की जांच का समर्थन करते हैं और इसमें पूरा सहयोग देंगे.
डोनाल्ड ट्रंप ने दिया बयान
जेनसेन हुआंग ने कहा कि मुझे अपने देश और अपनी कंपनी से प्यार है. मैं एनवीडिया (Nvidia) की सुरक्षा करने और अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा में सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध हूं. राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को कहा कि उन्होंने इस ताजा घटनाक्रम के बारे में हुआंग से कोई बात नहीं की है, साथ ही उन्होंने उनकी तारीफ भी की. व्हाइट हाउस लौटने से पहले पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि मुझे उम्मीद है कि सब कुछ ठीक होगा. उन्होंने बहुत ही शानदार काम किया है.
जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्हें लगता है कि जासूसी के बारे में जानकारी मिलने पर उन्हें इस पर कोई कदम उठाना चाहिए था, तो ट्रंप ने एक बार फिर हुआंग की तारीफ करते हुए कहा कि मुझे लगता है कि वह एक सम्माननीय व्यक्ति हैं. मुझे लगता है कि शायद उनके पास इसके लिए कोई सफाई होगी. उन्होंने हमारे देश के लिए बहुत बढ़िया काम किया है. और जब उनसे पूछा गया कि क्या वह अगले हफ्ते अपनी एशिया यात्रा पर इस CEO को अपने साथ ले जाएंगे, तो ट्रंप ने कहा कि वह ऐसा करने के लिए तैयार हैं.
उन्होंने हुआंग के बारे में कहा कि मुझे नहीं पता, लेकिन मैं निश्चित रूप से उन्हें साथ ले जाऊंगा. हुआंग राष्ट्रपति की विज्ञान और प्रौद्योगिकी सलाहकार परिषद के सदस्य हैं. रविवार को पेरिस में G7 बैठक के लिए अमेरिका से रवाना होते समय, विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि वह हुआंग से जुड़ी स्थिति पर कुछ नहीं कह सकते.
उन्होंने पत्रकारों से कहा कि इस मामले की प्रकृति को देखते हुए, मैं इस पर कोई टिप्पणी नहीं कर सकता. साथ ही, मैं एनवीडिया (Nvidia) के किसी आंतरिक कॉर्पोरेट मामले पर भी कुछ नहीं कह सकता. दुनिया की सबसे मूल्यवान कंपनी, एनवीडिया ने पिछले तीन वर्षों में लगातार वॉल स्ट्रीट की कमाई की उम्मीदों को पीछे छोड़ा है. ऐसा तब हुआ है जब इसके हाई-एंड चिप्स, AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) के निर्माण के लिए सबसे बेहतरीन आधार बन गए हैं. कैलिफोर्निया के सांता क्लारा में स्थित इस कंपनी ने अगस्त में 59.69 अरब डॉलर का तिमाही मुनाफा दर्ज किया.
