वाशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को महान नेता बताते हुए जमकर तारीफ की है. उन्होंने कहा कि, पीएम मोदी बेहद मजबूत और कड़क नेता हैं. यह बात उन्होंने एक मीडिया एजेंसी को दिए इंटरव्यू में कही.
मोदी और ट्रंप की केमिस्ट्री इससे ठीक कुछ दिन पहले जी-7 समिट में देखने को मिली थी, जहां दो दिग्गज नेताओं ने एक दूसरे से हाथ मिलाया था. ग्रुप फोटो में भी दोनों नेता सबसे आगे की पंक्ति में खड़े नजर आए थे.
‘वेरी टफ कुकी’
इंटरव्यू के दौरान ट्रंप ने पीएम मोदी को ‘वेरी टफ कुकी’ ((Tough cookie) कहा है. इसका अर्थ है कि, मोदी बेहद मजबूत और सख्त नेता हैं. उन्होंने कहा कि, मोदी 12 साल से ज्यादा समय से पावर में हैं.
ट्रंप की यह बात फ्रांस में G7 समिट के तुरंत बाद एक्सियोस को दिए एक इंटरव्यू के दौरान आई. एक्सियोस को दिए एक इंटरव्यू में जब उनसे पूछा गया कि वह सबसे ज्यादा किसे पसंद करते हैं, तो ट्रंप ने चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और PM मोदी का जिक्र किया, जो पावर और उस पर काम करने की काबिलियत के मामले में उन्हें सबसे ज्यादा पसंद हैं.
जंग से दूर रहते हैं पीएम मोदी, ट्रंप ने कहा
ट्रंप ने मीडिया संस्थान एक्सियोस के साथ एक इंटरव्यू में कहा, “मोदी बहुत अच्छे हैं. वह युद्धों से दूर रहते हैं, जो समझदारी की बात है. वह 1.5 अरब लोगों का प्रतिनिधित्व करते हैं. असल में भारत बहुत बड़ा देश है. मोदी एक महान नेता हैं और हम उनके साथ बहुत व्यापार करते हैं, लेकिन अब हम पारदर्शी तरीके से व्यापार करते हैं.”
ट्रंप ने कहा, हमारे नेता बेवकूफ थे
ट्रंप ने कहा, “उन्होंने (भारत) सचमुच हमसे बहुत ज्यादा लाभ कमाया था. इसके लिए मैं उन्हें दोष नहीं देता. हमारे नेता बेवकूफ थे जिन्होंने ऐसा होने दिया.” वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति ने चीन के राष्ट्रपति को बड़े कद और आत्मविश्वास से भरा हुआ नेता बताया. उन्होंने मोदी और शी का जिक्र करते हुए कहा, “अगर आप उनमें से किसी एक के बारे में मूवी बनाने जा रहे हैं, तो आपको हॉलीवुड में वह आदमी नहीं मिलेगा.”
‘असली मोदी बहुत टफ इंसान हैं’
ट्रंप ने इंटरव्यू के दौरान दोहराया कि, मोदी बहुत ही इज्जतदार नेता हैं. उन्हें पता है कि, असली मोदी बहुत टफ इंसान हैं. उन्होंने इंटरव्यू के दौरान यह भी कहा कि, वह लोगों को बताना चाहते हैं कि, वह कुछ ऐसे लोगों को जान पाए हैं जिन्हें वह अच्छी तरह से नहीं जानते थे.
‘पीएम मोदी 12 साल से अधिक समय से पावर में हैं’
ट्रंप ने कहा कि उन्होंने इतने सालों में भारत को देखा है और नेताओं को अक्सर बदलते देखा है, लेकिन पीएम मोदी ‘बहुत सॉलिड’ हैं. ट्रंप ने कहा, “कोई वहां छह महीने और फिर एक साल तक रहता था.फिर अचानक, प्रधानमंत्री मोदी वहां आ गए. वह 12 साल से ज्यादा समय से पावर में हैं. पीएम मोदी बहुत मजबूत हैं. उन्हें देखकर लगता है कि, वह बहुत ही शांत हैं लेकिन ऐसा नहीं है, वह (मोदी) बहुत सख्त व्यक्ति हैं.
इस हफ्ते की शुरुआत में, राष्ट्रपति ट्रंप और पीएम मोदी फ्रांस में G-7 समिट के दौरान मिले और उन्होंने प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार सौदा, रक्षा और सुरक्षा संबंधों और पश्चिम एशिया संकट पर फोकस करते हुए लंबी बातचीत की.
