एक बंडल बीड़ी और 150 रुपये के लिए दोस्त बना कातिल, पत्थर मारकर मजदूर की हत्या

Saiadmin

उत्तर प्रदेश के कानपुर के मूलगंज थाना क्षेत्र में मेस्टन रोड स्थित इंदिरा गांधी प्रतिमा के पास 3 जून की रात हुई मजदूर की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. इस हत्याकांड में पुलिस ने मृतक के ही एक दोस्त को गिरफ्तार किया है. जांच में सामने आया कि दोनों के बीच लंबे समय से पैसे और बीड़ी चोरी करने को लेकर विवाद चल रहा था. घटना वाली रात भी इसी बात को लेकर झगड़ा हुआ, जिसके बाद आरोपी ने अपने दोस्त की हत्या कर दी.

पुलिस के अनुसार, 4 जून की सुबह मेस्टन रोड स्थित इंदिरा गांधी चौक के पास एक मजदूर का खून से लथपथ शव मिला था. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर किसी भारी वस्तु से किए गए वार को मौत का कारण बताया गया था. इसके बाद पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की गहन जांच शुरू की.

आरोपी अशर्फीलाल ने क्यों की हत्या?

बताया जाता है कि मेस्टन रोड क्षेत्र में दिन के समय मजदूर मंडी लगती है, जहां बड़ी संख्या में दिहाड़ी मजदूर काम की तलाश में पहुंचते हैं. कई मजदूर रात में भी वहीं रुककर सो जाते हैं. मृतक और आरोपी अशर्फीलाल भी ऐसे ही मजदूर थे, जो कानपुर में रहकर रोजाना मजदूरी का काम करते थे और आपस में दोस्त माने जाते थे. पुलिस पूछताछ में आरोपी अशर्फीलाल ने हत्या की बात स्वीकार कर ली. उसने बताया कि मृतक अक्सर उसकी जेब से पैसे और बीड़ी चुरा लिया करता था. इस बात को लेकर दोनों के बीच पहले भी कई बार विवाद हो चुका था. घटना वाली रात भी मृतक ने कथित तौर पर उसकी जेब से 150 रुपये और बीड़ी का बंडल निकाल लिया था. जब उसने इसका विरोध किया तो मृतक गाली-गलौज करने लगा.

आरोपी ने बताया कि इस घटना से वह बेहद नाराज था. देर रात जब मृतक सो गया तो उसने मौके का फायदा उठाकर ईंट से उसके सिर पर कई वार कर दिए. गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया.

क्या बोले अधिकारी?

डीसीपी सेंट्रल सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि मामले के खुलासे के लिए पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. तकनीकी साक्ष्यों और जांच के आधार पर आरोपी अशर्फीलाल की पहचान की गई. इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया.

पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है. इस घटना ने एक बार फिर मामूली विवादों के हिंसक रूप लेने की गंभीरता को उजागर कर दिया है.

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *