बांटी राहत सरकारी मदद की उठाई जोरदार मांग
सरोहा गांव में आग की तबाही से 10 परिवार बेघर
मौके पर पहुंचकर सपा नेता ने बंधाया ढांढस हर संभव मदद का दिया भरोसा
मोहम्मद आलम
अयोध्या। रुदौली विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सरोहा मजरे रसूलपुर में हुए भीषण अग्निकांड ने गरीब परिवारों की जिंदगी को झकझोर कर रख दिया। इस दर्दनाक घटना में अनुसूचित जाति के करीब दस परिवारों के आशियाने जलकर राख हो गए, जिससे वे खुले आसमान के नीचे जीवन यापन को मजबूर हो गए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही समाजवादी पार्टी के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एहसान मोहम्मद अली उर्फ चौधरी शहरयार तत्काल मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचकर उनका दुख-दर्द साझा किया।
घटनास्थल पर पहुंचे चौधरी शहरयार ने हर प्रभावित परिवार से मुलाकात की, उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और इस विपदा की घड़ी में उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने कहा कि आग ने सिर्फ घर नहीं जलाए, बल्कि गरीबों के सपनों और उम्मीदों को भी गहरा आघात पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में समाज और प्रशासन दोनों की जिम्मेदारी बनती है कि पीड़ितों को हर संभव सहायता मुहैया कराई जाए।
इस दौरान चौधरी शहरयार ने अपने स्तर से तत्काल राहत पहुंचाते हुए पीड़ित परिवारों को खाद्य सामग्री, आवश्यक घरेलू सामान और वस्त्र वितरित किए। उन्होंने कहा कि यह सहायता केवल एक शुरुआत है और आगे भी वे इन परिवारों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जब तक प्रभावित परिवार पूरी तरह से इस संकट से उबर नहीं जाते, तब तक उनका सहयोग निरंतर जारी रहेगा।
चौधरी शहरयार ने प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि पीड़ित परिवारों को जल्द से जल्द आर्थिक सहायता, आवासीय सुविधा और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ दिया जाए, ताकि वे दोबारा अपने जीवन को पटरी पर ला सकें। उन्होंने कहा कि सरकार को इस घटना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल राहत और पुनर्वास कार्य शुरू करना चाहिए।
इस मौके पर पूर्व प्रधान राम प्रताप यादव, पूर्व जिला पंचायत सदस्य बृजराज सिंह, कफ़ील ख़ान, राम प्रकाश यादव, मोहम्मद अहमद, फ़ैसल मलिक, सचिन यादव, परवेज़ अहमद, तैमूर ख़ान सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने पीड़ित परिवारों को हर संभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया और प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
