लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश ने संगठनात्मक मजबूती के लिए बड़े स्तर पर फेरबदल करते हुए प्रदेश के छह क्षेत्रों और सात मोर्चों के नए प्रभारियों की सूची जारी कर दी है. इस सूची के जरिए बीजेपी ने 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले जमीनी स्तर पर सक्रियता बढ़ाने के संकेत दिए हैं. लंबे समय बाद मीडिया विभाग में मुख्य प्रवक्ता मीडिया संयोजक के साथ मीडिया प्रभारी की भी जिम्मेदारी दी गई है. पूर्व पत्रकार यतींद्र शर्मा को यह जिम्मेदारी दी गई है.

प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर जारी सूची के अनुसार, छह क्षेत्रों के लिए प्रदेश पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है. प्रदेश महामंत्री रामप्रताप सिंह चौहान को पश्चिम क्षेत्र, गीता शाक्य को ब्रज क्षेत्र, शंकर लोधी को कानपुर क्षेत्र, दिलीप पटेल को अवध क्षेत्र और अभिजात मिश्रा को गोरखपुर क्षेत्र का प्रभारी बनाया गया है. वहीं काशी क्षेत्र की जिम्मेदारी प्रदेश उपाध्यक्ष रमेश सिंह को दी गई है.
इसके साथ ही पार्टी के सभी प्रमुख मोर्चों के लिए भी नए प्रभारी नियुक्त किए गए हैं. विधायक और प्रदेश महामंत्री राजेश चौधरी को युवा मोर्चा और संजय राय को पिछड़ा मोर्चा का प्रभारी बनाया गया है. अनुसूचित मोर्चा की जिम्मेदारी प्रदेश उपाध्यक्ष डा. धर्मेंद्र सिंह को, महिला मोर्चा की कामेश्वर सिंह को, अनुसूचित जनजाति मोर्चा की डा. प्रियंका रावत को, अल्पसंख्यक मोर्चा की देवेश कोरी को और किसान मोर्चा की जिम्मेदारी शंकर गिरी को सौंपी गई है.

भाजपा उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी द्वारा जारी पत्र में पार्टी कार्यालय और विभिन्न विभागों के लिए प्रभारियों की नियुक्ति की सूचना दी गई है. गोविन्द नारायण शुक्ला, जो एमएलसी और पूर्व प्रदेश महामंत्री हैं, को भाजपा उत्तर प्रदेश के मुख्यालय प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
इसके साथ ही चार अन्य पदाधिकारियों को नए प्रस्तावित प्रभार दिए गए हैं. प्रदेश मंत्री यतेन्द्र शर्मा को मीडिया प्रभारी नियुक्त किया गया है. प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रज बहादुर को विस्तारक योजना का संयोजक बनाया गया है. प्रदेश उपाध्यक्ष अर्चना मिश्रा को ‘मन की बात’ कार्यक्रम की संयोजक और प्रदेश मंत्री राहुल वाल्मीकि को ‘मन की बात’ का सह-संयोजक नियुक्त किया गया है.
