यूपी CM योगी आदित्यनाथ की मां का निधन, 91 वर्ष की आयु में आखिरी सांस ली

Saiadmin

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का निधन हो गया है। उन्होंने उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में 91 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ दिनों से बीमार थीं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भाई ने उनके निधन की पुष्टि की है। सावित्री देवी के निधन की खबर से पंचूर गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

जानकारी के अनुसार, कल शनिवार को सावित्री देवी का पार्थिव शरीर हरिद्वार लाया जाएगा। जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। सीएम योगी अंतिम दर्शन के लिए उत्तराखंड आ रहे हैं।

छोटे बेटे के साथ गांव में रहती थीं सावित्री देवी

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह 11:00 योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी 91 वर्ष का पंचूर यमकेश्वर स्थित उनके आवास पर निधन हुआl वह अपने छोटे बेटे के साथ गांव में रहती थी।

उम्र संबंधी दिक्कतों से जूझ रही थीं सावित्री देवी

सावित्री देवी की उम्र 91 साल थी। अधिक उम्र के चलते उन्हें अक्सर स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां रहती थीं। 14 मई 2024 को भी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें ऋषिकेश स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया था। उस समय उन्हें जिरियाट्रिक वार्ड में रखा गया था। मां के अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उनका हालचाल जानने एम्स ऋषिकेश पहुंचे थे।

पौड़ी के पंचूर गांव में रहता है परिवार

सीएम योगी मूल रूप से उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित पंचूर गांव के रहने वाले हैं। उनका परिवार आज भी इसी गांव में रहता है। योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट का भी वर्ष 2020 में 89 साल की उम्र में निधन हो गया था। उनके निधन के करीब छह साल बाद अब मां सावित्री देवी के जाने से परिवार और गांव में शोक का माहौल है।

योगी की मां के निधन पर शोक जताया

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ की मां के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, “उत्तर प्रदेश के आदरणीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी की पूज्य माताजी श्रीमती सावित्री देवी जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है।माँ का स्नेह, आशीर्वाद और ममता जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होती है। उनका जाना परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति है। बाबा केदार से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा माननीय योगी जी सहित समस्त शोकाकुल परिजनों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।”

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी के निधन पर शोक जताया और कहा कि यह ऐसा दुःख है, जिसे शब्दों में व्यक्त कर पाना असंभव है। यादव ने एक बयान में कहा, ”उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पूज्य माताजी सावित्री देवी जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। मां का जाना वह दुःख है, जिसे शब्दों में व्यक्त कर पाना असंभव है। मां का स्थान जीवन में कोई नहीं ले सकता।”

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *