यूपी: सीएम योगी का कांग्रेस पर हमला, बोले- लोकतंत्र में सत्ता का मार्ग जनादेश से निकलता है, अराजकता से नहीं

Saiadmin

लखनऊ: केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह द्वारा कांग्रेस पर हमला बोल जाने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस को आड़े हाथों लिया है. सीएम योगी ने कहा कि लोकतंत्र में सत्ता का मार्ग जनादेश से निकलता है, अराजकता से नहीं.

सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बांग्लादेश की तर्ज पर भारत में सत्ता परिवर्तन का स्वप्न देखने वाली शक्तियां युवाओं के हाथों में राष्ट्र निर्माण की मशाल के स्थान पर अराजकता के औजार थमाना चाहती हैं.

उन्होंने कहा कि चुनाव सुधार का मुखौटा, न्याय का नारा और लोकतंत्र की दुहाई देकर देश में अस्थिरता के बीज बोने वालों को समझना होगा कि भारत का लोकतंत्र जन-विश्वास की जड़ों पर खड़ा विशाल वटवृक्ष है, जिसे षड्यंत्रों के अंधड़ हिला नहीं सकते. युवा शक्ति सत्ता की भूख मिटाने के लिए नहीं है.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हमारी युवाशक्ति भारत का भविष्य संवारने के लिए है, किसी की सत्ता की भूख मिटाने के लिए नहीं. उन्होंने कहा कि जनता-जनार्दन ने राजनीति के इन मारीचों-कालनेमियों को पहचानकर ही सत्ता से दूर रखा है. अब यह देश को अराजकता की आग में झोंककर कुर्सी हथियाना चाहते हैं. उनकी इस सियासी साजिश को देश कभी सफल नहीं होने देगा.

मुख्यमंत्री से पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कांग्रेस पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस व उसके सहयोगी संगठन बांग्लादेश की तर्ज पर शासन बदलना चाहते हैं और एक प्रेस वार्ता में खुलकर कहते हैं कि उसने शासन बदलने की प्रेरणा बांग्लादेश से ली है.

तो दूसरा डंके की चोट पर सरकार गिराने की बात करता है. उन्होंने कहा कि यह साफ करता है कि इनका इकलौता एजेंडा लोकतांत्रिक संस्थाओं को ध्वस्त करना और देश में आग लगाना है. शासन बदलने जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया जा रहा है.

इससे पता चलता है कि उनकी लड़ाई चुनाव सुधार, एसआईआर, ज्ञानेश कुमार को लेकर नहीं है. इनकी लड़ाई देश में अराजकता पैदा करके सत्ता हासिल करने की उनकी साजिश है.

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और उनके सहयोगियों को यह समझना होगा लोकतंत्र में अराजकता देश के विकास में बाधा है. सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी भी इसी दिशा में एक संकेत है.

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *