पैतृक जमीन पर दबंगों द्वारा निर्माण कराने का आरोप, पीड़िता ने डीआईजी से लगाई न्याय की गुहार
अयोध्या। मवई थाना क्षेत्र के ग्राम सभा मोहम्मदपुर दाउदपुर में पैतृक भूमि पर अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। गांव की रहने वाली पीड़िता सोफिया बानो पत्नी शमशाद ने आरोप लगाया है कि गांव के कुछ दबंग लोग उनकी पुश्तैनी जमीन पर जबरन कब्जा कर निर्माण करा रहे हैं। पीड़िता ने इस मामले में डीआईजी को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़िता सोफिया बानो के अनुसार गांव की आबादी में स्थित उनका पैतृक मकान व जमीन लंबे समय से उनके परिवार के कब्जे में है। आरोप है कि गांव की ही नाजनी पत्नी सिराज, मेसर जहां पत्नी जावेद, रहनुमा पुत्री सिराज तथा सिरताज पुत्र इम्तियाज मिलकर उनकी जमीन पर जबरन निर्माण करा रहे हैं। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपितों ने उनके साथ मारपीट भी की।
सोफिया बानो का कहना है कि जिस भूमि पर निर्माण कराया जा रहा है, वह पूरे परिवार की पैतृक संपत्ति है और उसमें सभी हिस्सेदारों का अधिकार है। आरोप है कि नाजनी बानो ने हल्का लेखपाल की मिलीभगत से फर्जी तरीके से घेरावनी सिर्फ अपने पति के नाम बनवा ली, जबकि उनके पति पांच भाई थे और घेरावनी में सभी भाइयों का नाम होना चाहिए था।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि घेरावनी ऐसे व्यक्ति के नाम दर्ज कराई गई है जिसकी लगभग 15 वर्ष पहले मृत्यु हो चुकी है, जिससे पूरे मामले में फर्जीवाड़े की आशंका जताई जा रही है।
सोफिया बानो ने यह भी आरोप लगाया कि मवई थाने में तैनात दारोगा ज्ञान सिंह यादव व कांस्टेबल संतोष यादव की मिलीभगत से अवैध निर्माण कार्य को रोका नहीं जा रहा है।
पीड़िता ने डीआईजी से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने और पैतृक जमीन को कब्जामुक्त कराने की मांग की है।
