गहने देखने आई ‘मैडम’, दिल नहीं दुकान लूट बैठीं पुलिस ने दो घंटे में ही तोड़ दिया रोमांस वाला क्राइम प्लान
मोहम्मद आलम
अयोध्या। कहते हैं प्यार में लोग क्या-क्या नहीं कर जाते, लेकिन रुदौली में एक प्रेमी-प्रेमिका ने तो सीधा ज्वैलरी शॉपिंग को लूट स्कीम में बदल दिया। फर्क बस इतना रह गया कि फिल्म का हीरो-हीरोइन आखिर में बच नहीं पाए पुलिस ने 24 घंटे के अंदर ही पूरी कहानी का क्लाइमेक्स दिखा दिया।
2 अप्रैल 2026 की दोपहर करीब 12:30 बजे कोठी बाजार स्थित अग्रवाल कॉम्प्लेक्स में महेश ज्वैलर्स की दुकान पर एक नकाबपोश युवती बड़े आराम से एंट्री मारती है। गहने देखती है, पसंद करती है… और फिर अचानक कस्टमर से क्रिमिनल मोड में स्विच करते हुए खिलौने की पिस्तौल निकालकर दुकानदार को डराती है और गहने लेकर भाग निकलती है।
बाहर पहले से बाइक स्टार्ट कर इंतजार कर रहे उसके प्रेमी ने बिना देर किए “फुल स्पीड एंट्री” ली और दोनों मौके से फरार हो गए। लेकिन ये भागमभाग ज्यादा देर तक नहीं चली।
ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत लगे कैमरों ने पूरी ‘लव-लूट स्टोरी’ रिकॉर्ड कर ली। पुलिस ने फुटेज देखी, सुराग जोड़े और महज दो घंटे में बाइक समेत प्रेमी को पकड़ लिया। पूछताछ के बाद ‘हीरोइन’ भी जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में आ गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पायल कोरी (21) और राहुल कुमार (21) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों मिलकर सर्राफा दुकानों को निशाना बनाते थे मैडम अंदर से गहने उड़ाती थीं और साहब बाहर बाइक लेकर एस्केप प्लान संभालते थे।
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक हार, चैन-लॉकेट सहित करीब पांच लाख रुपये के आभूषण, बुर्का, प्लास्टिक की पिस्तौल, पिट्ठू बैग, दो मोबाइल फोन और सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है।
तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक संजय मौर्य, निरीक्षक संतोष यादव, उपनिरीक्षक जितेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक दयाराम, महिला उपनिरीक्षक स्तुति गुप्ता सहित पुलिस टीम शामिल रही।
