रुद्रपुर में 28 जून से शुरू होगा राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान, 2.74 लाख से अधिक बच्चों को पिलाई जाएगी दवा

Saiadmin

रूद्रपुर। जनपद में राष्ट्रीय पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान आगामी 28 जून से 04 जुलाई तक आयोजित होगा। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया की अध्यक्षता में पल्स पोलियो अभियान की शत-प्रतिशत सफलता हेतु प्रमुख चिकित्सा अधीक्षकों के साथ जिला टास्क फोर्स की बैठक जिला सभागार में आयोजित हुई।

जिलाधिकारी ने कहा कि कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु सम्बन्धित अधिकारी ठोस कार्ययोजना बनाकर कार्य करें। उन्होने कहा कि सम्बन्धित अधिकारी पोलियो के कार्य को गम्भीरता से ले इसमे किसी भी प्रकार की ढिलायी न बरती जाये। उन्होने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिये कि आपस में समन्वय बनाते हुये पल्स पोलियों का वृहद रूप से प्रचार-प्रसार करें ताकि सभी लोग जागरूक होकर 28 जून को अपने 0 से 05 वर्ष तक के बच्चों को बुथ पर आकर पोलियों की खुराक पिला सकें।
जिलाधिकारी ने कहा कोई भी बच्चा पोलियों खुराक से वंचित न रहे इस पर विशेष ध्यान दिया जाय। उन्होने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि ब्लॉक स्तर पर शीघ्र बैठक कर कार्य को सफल बनाने हेतु ठोस योजना बनाना सुनिश्चित करें। उन्होने सभी एमओआईसी को निर्देश दिये कि जिन स्थानो पर कम वैक्सीनेशन हो रहा है उन स्थानों पर विशेष ध्यान देना सुनिश्चित करें। उन्होने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिये कि आशा कार्यकत्रियों को निर्देशित करें कि 29 जून से 04 जुलाई तक घर-घर जाकर अनिवार्य रूप से पोलियो दवाई पिलाएं। उन्होने कहा कि जिन विभागों को जो जिम्मेदारियां दी गई है वे उन्हे भलिभांति पूर्ण करें। उन्होने कहा कि जिन स्कूलो में पोलियो बूथ बनाये गये है वे स्कूल 28 जून रविवार को अनिवार्य रूप से खुले रहेगें।

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ केके अग्रवाल ने बताया कि जनपद में 0 से 5 वर्षों तक के 274889 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है एवं जनपद में 1184 फिक्स बूथ, 86 ट्रांजिट बूथ व 52 मोबाईल बूथ कुल 1322 बूथ बनाये गये है। उन्होने बताया कि इस अभियान में 259 सुपरवाईजर लगाये गये है।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ एमके तिवारी, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ डीपी सिंह, डॉ एसपी सिंह, डॉ डीएम गहलोत, डॉ रोहन कुमार, डॉ सुधीर, सचिव आईएमए डॉ जितेन्द्र कुमार, डॉ नसरीम, डॉ दीप्ति सरकार, डब्लूएचओ की डॉ मीनाक्षी सुमन, जिला कार्यक्रम अधिकारी मुकुल चैधरी, जिला समाज कल्याण अधिकारी अमन अनिरूद्ध, जिला अल्प संख्यक कल्याण अधिकारी नंदनी तोमर व चिकित्साधिकारी उपस्थित थे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *