रामानंद सागर की बहू निशा सागर ने किए रामलला के दर्शन, पहली बार अयोध्या पहुंचीं

Saiadmin

अयोध्या। प्रसिद्ध दूरदर्शन धारावाहिक रामायण के निर्माता-निर्देशक रामानंद सागर की बहू निशा सागर शनिवार को अयोध्या पहुंचीं। उन्होंने यहां स्थित राम जन्मभूमि मंदिर में भगवान रामलला के दर्शन-पूजन किए। दर्शन के बाद उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि यह उनकी अयोध्या की पहली यात्रा है। रामलला के दर्शन कर वह भावुक हो गईं और उन्हें पुराने दिनों की अनेक स्मृतियां ताजा हो गईं।
उन्होंने बताया कि जब रामानंद सागर ने रामायण का निर्माण किया था, उस समय कई प्रकार की तकनीकी और प्रशासनिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ा था। धारावाहिक के प्रसारण की अनुमति के लिए उन्हें दूरदर्शन के कई चक्कर लगाने पड़े थे। प्रारम्भ में बनाए गए चार प्रकरणों को संपादित कर दो प्रकरणों के रूप में प्रसारण आरम्भ किया गया था। उन्होंने बताया कि बाद में उनके पति आनंद सागर ने भी रामायण से जुड़े कई परियोजनाओं पर कार्य किया। उन्होंने कहा कि रामायण पर समय-समय पर अनेक चलचित्र और धारावाहिक बने, किन्तु रामानंद सागर की रामायण की तुलना आज तक किसी से नहीं हो पाई।
अयोध्या के विकास की सराहना करते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि आज देश में सनातन संस्कृति का व्यापक प्रचार-प्रसार हो रहा है और अयोध्या में हुए विकास कार्य इसकी स्पष्ट झलक देते हैं।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *