राहुल कुमार प्रियदर्शी (बिहार)
मधुबनी! खुटौना प्रखंड अंतर्गत चतुर्भुज पिपराही पंचायत के खिलही गांव स्थित नोनियाटोल में विद्यालय में शिक्षक बहाली एवं शैक्षणिक व्यवस्था बहाल करने की मांग को लेकर चल रहा अनिश्चितकालीन आमरण अनशन पांचवें दिन भी जारी रहा। अब तक प्रशासन की ओर से कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाने के कारण अनशनकारियों में निराशा और आक्रोश बढ़ता जा रहा है। अनशन स्थल पर कुल 12 लोग आमरण अनशन पर बैठे हुए हैं। लगातार पांच दिनों से जारी अनशन के कारण अनशनकारियों की तबीयत बिगड़ती जा रही है। मौके पर मौजूद चिकित्सकों द्वारा अनशनकारियों का नियमित स्वास्थ्य जांच (चेकअप) किया जा रहा है। अनशनकारी पूर्व प्रखंड प्रमुख सह वर्तमान पंचायत समिति सदस्य संजीव भिंडवार ने बताया कि खुटौना के प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अनशन स्थल पर पहुंचकर मांगों को पूरा कराने का आश्वासन दे रहे हैं, लेकिन अब तक जिलास्तर के किसी भी वरीय पदाधिकारी द्वारा कोई ठोस आश्वासन नहीं दिया गया है। अनशनकारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों को पूरा नहीं किया जाता, तब तक उनका यह अनिश्चितकालीन आमरण अनशन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन गांव के बच्चों के भविष्य से जुड़ा हुआ है और जब तक विद्यालय में समुचित शैक्षणिक व्यवस्था सुनिश्चित नहीं की जाती, तब तक वे पीछे हटने वाले नहीं हैं। अनशन स्थल पर ग्रामीणों एवं अभिभावकों की भीड़ लगातार जुट रही है और सभी लोग आंदोलन को अपना समर्थन दे रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से अविलंब पहल करते हुए समस्या का समाधान निकालने की मांग की है, ताकि गांव के बच्चों की पढ़ाई सुचारु रूप से शुरू हो सके।
