गैस सिलेंडर की किल्लत से परेशान लोग, पूर्व एसडीएम विकास धर दूबे को कर रहे याद

Saiadmin

लंबी लाइनों और संभावित कालाबाजारी के बीच सोशल मीडिया पर उठी आवाज अगर दुबे होते तो नहीं होती यह परेशानी

अयोध्या। कस्बा रूदौली और आसपास के ग्रामीण इलाकों में इन दिनों घरेलू गैस सिलेंडर की किल्लत से उपभोक्ता काफी परेशान नजर आ रहे हैं। गैस एजेंसियों पर सुबह से ही लोगों की लंबी-लंबी कतारें लग रही हैं, लेकिन कई उपभोक्ताओं को घंटों इंतजार के बाद भी सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
इस बीच सोशल मीडिया पर भी लोग अपनी परेशानी साझा करते हुए रूदौली तहसील के पूर्व एसडीएम विकास धर दूबे को याद कर रहे हैं। कई लोगों ने पोस्ट करते हुए लिखा कि जब विकास धर दूबे रूदौली में एसडीएम के पद पर तैनात थे, उस समय क्षेत्र में यूरिया खाद की भारी किल्लत थी। किसानों को खाद नहीं मिल पा रही थी और कालाबाजारी की शिकायतें भी सामने आ रही थीं।
बताया जाता है कि उस दौरान एसडीएम ने सख्त कदम उठाते हुए कालाबाजारी पर रोक लगाई थी और खाद की व्यवस्था को सुचारू कराया था, जिससे किसानों को राहत मिली थी। अब घरेलू गैस की मौजूदा समस्या को लेकर लोग उसी तरह की सख्ती और निगरानी की उम्मीद जता रहे हैं।
उधर गैस सिलेंडर लेने के लिए एजेंसियों पर लग रही लंबी कतारों से उपभोक्ताओं की परेशानी और बढ़ गई है। कई जिलों में गैस सिलेंडर की कालाबाजारी के मामलों में कार्रवाई भी हो चुकी है और कुछ लोगों को जेल तक भेजा जा चुका है। हालांकि रूदौली क्षेत्र में अब तक इस समस्या को लेकर कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है, जिससे उपभोक्ताओं में असंतोष देखा जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को इस समस्या पर ध्यान देकर गैस आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू करना चाहिए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *