ग्रेटर नोएडा: थाना ईकोटेक प्रथम पुलिस और अपराध शाखा गौतमबुद्धनगर की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के दौरान माफिया सुंदर भाटी गैंग के दो सक्रिय बदमाशों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से अवैध हथियार भी बरामद किए हैं।
पुलिस को सूचना मिली थी कि सुंदर भाटी गैंग के दो सदस्य किसी वारदात की फिराक में यमुना पुस्ता स्थित ग्राम घरबरा के पास मौजूद हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर जानलेवा फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दोनों आरोपियों को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धर्मेंद्र उर्फ डीके (32 वर्ष) निवासी कमबख्शपुर, थाना नॉलेज पार्क और अर्जुन (28 वर्ष) निवासी पटपड़गंज वाल्मीकि कॉलोनी, थाना पांडवनगर दिल्ली के रूप में हुई है।
पुलिस ने धर्मेंद्र के कब्जे से .32 बोर की पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस, जबकि अर्जुन के पास से .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रहे हैं। दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
यमुना पुस्ते पर पुलिस मुठभेड़, सुंदर भाटी गैंग के दो बदमाश दबोचे
Leave a Comment
