सांसद प्रो० रामगोपाल यादव ने सैफई में किया “बचपन स्कूल” का भव्य उद्घाटन

Saiadmin

(सुघर सिंह)

सैफई। क्षेत्र के अमरसीपुर गांव के पास स्थापित बचपन प्ले स्कूल का भव्य उद्घाटन समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव व राज्यसभा सांसद प्रो० रामगोपाल यादव द्वारा फीता काटकर किया गया। स्कूल की स्थापना पूर्व प्रधान मुकेश गुप्ता द्वारा कराई गई है, जिसका उद्देश्य क्षेत्र के छोटे बच्चों को बेहतर प्रारंभिक शिक्षा उपलब्ध कराना है।
उद्घाटन कार्यक्रम से पहले सैफई स्थित साईं मंदिर के महंत पं० घनश्याम पांडेय द्वारा विधि-विधान के साथ हवन–पूजन कराया गया। मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के साथ विद्यालय की शुभ शुरुआत की गई, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि सांसद प्रो. रामगोपाल यादव ने कहा कि शिक्षा समाज के विकास की सबसे मजबूत नींव होती है। छोटे बच्चों को प्रारंभ से ही अच्छा वातावरण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि ऐसे विद्यालय ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा के स्तर को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
कार्यक्रम में कई प्रमुख जनप्रतिनिधि और समाजसेवी भी मौजूद रहे। पूर्व एमएलसी अरविंद प्रताप यादव, चंदगीराम यादव (प्रधान), सपा के प्रदेश सचिव गोपाल यादव, योगेंद्र यादव हैवरा कोठी, और पंकज यादव ने भी विद्यालय के उद्घाटन अवसर पर अपनी शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने विद्यालय परिसर का निरीक्षण किया और बच्चों के लिए तैयार की गई सुविधाओं की सराहना की। ग्रामीणों ने भी इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि इससे आसपास के गांवों के छोटे बच्चों को अब अच्छी शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।
विद्यालय प्रबंधन की ओर से आए हुए सभी अतिथियों और ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया गया। उद्घाटन कार्यक्रम के बाद प्रसाद वितरण भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *