जिस बच्ची का सीएम योगी ने कराया था स्कूल में एडमिशन, अब उसी के हाथों कराया श्रीराम वाटिका का लोकार्पण

Saiadmin

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का बच्चों के प्रति खास लगाव और उनकी संवेदनशीलता सोमवार (29 जून) को पीतल नगरी मुरादाबाद में एक बार फिर दिखाई दी. मौका था 365 करोड़ रुपए से अधिक की 63 विकास परियोजनाओं के शिलान्यास और लोकार्पण का था. विकास और सांस्कृतिक विरासत के इस अनूठे संगम के बीच, वहां मौजूद जनसमूह को एक बेहद भावुक कर देने वाला पल देखने को मिला है.

सीएम जब करोड़ों की लोक-कल्याणकारी योजनाओं की सौगात दे रहे थे, तब सबका ध्यान नवनिर्मित ‘श्री राम वाटिका’ के भव्य उद्घाटन समारोह ने अपनी ओर खींच लिया है. इस आधुनिक और खूबसूरत वाटिका का लोकार्पण किसी बड़े राजनेता, मंत्री या प्रशासनिक अधिकारी के हाथों नहीं हुआ, बल्कि सीएम ने सुरक्षा प्रोटोकॉल को दरकिनार करते हुए वहां मौजूद दो छोटी सगी बहनों को आगे बढ़ाया है.

लोग हुए भावुक

इन दोनों बहनों का नाम वांची और आची है. मुख्यमंत्री के सान्निध्य में इन नन्हीं बच्चियों ने अपने हाथों से फीता काटा है. इस नजारे को देखकर वहां मौजूद सभी नागरिकों और अधिकारियों की आंखें खुशी से छलक उठीं . मुख्यमंत्री का यह कदम यह संदेश देता है कि उनके शासन में आम जनता और विशेषकर बेटियां ही सबसे बड़ी वीआईपी हैं, जिन्हें व्यवस्था में सर्वोच्च सम्मान और स्थान दिया जा रहा है.

जनता दर्शन की भावुक कहानी

दरअसल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और इन दोनों नन्हीं बहनों का यह आत्मीय रिश्ता नया नहीं है, बल्कि इसके पीछे बीते वर्ष की एक बेहद भावुक कर देने वाली कहानी जुड़ी हुई है. मुरादाबाद के निवासी अमित कुमार अपनी छह साल की बड़ी बेटी वांची के स्कूल में दाखिले को लेकर करीब तीन महीनों से दफ्तरों के चक्कर काट रहे थे, वो बेहद परेशान थे.

सीएम ने दिए निर्देश

कहीं से मदद न मिलने पर जून 2025 में उन्होंने अपनी बेटी को साथ लेकर मुख्यमंत्री के ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में सीधे गुहार लगाने का फैसला किया. बच्चों के प्रति स्नेह रखने वाले मुख्यमंत्री ने न केवल इस लाचार पिता की पीड़ा को ध्यान से सुना, बल्कि तत्परता दिखाते हुए प्रशासनिक तंत्र को तुरंत उचित कदम उठाने के निर्देश दिए .

बच्ची का हुआ एडमिशन

मुख्यमंत्री के दिशा-निर्देशों का असर यह हुआ कि शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आरटीई) के अंतर्गत महज तीन घंटे के भीतर ही मासूम वांची का एडमिशन मुरादाबाद के एक बेहद प्रतिष्ठित और नामचीन शिक्षण संस्थान ‘सीएल गुप्ता वर्ल्ड स्कूल’ में सुनिश्चित करा दिया गया.

सीएम बच्चियों से कटवाया फीता

सोमवार को जब मुख्यमंत्री का काफिला विकास योजनाओं के लोकार्पण के लिए कार्यक्रम स्थल पर पहुंचा था, तो यह दोनों बहनें भी अपने परिवार के साथ वहां आभार व्यक्त करने आई थीं. भारी सुरक्षा व्यवस्था और कड़े पहरे के बीच जैसे ही मुख्यमंत्री की नजर इन बच्चियों पर पड़ी , तो सीएम ने तुरंत स्नेह के साथ दोनों को अपने पास बुला लिया. इसके बाद उन्होंने उन्हीं बच्चियों के नन्हें-नन्हें हाथों से इस भव्य श्री राम वाटिका का फीता कटवाकर इसे आम जनता को समर्पित कर दिया. सीएम के इस प्यार और सम्मान ने वहां मौजूद सभी लोगों का दिल जीत लिया.

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *