सहारनपुर : लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने घाड़ क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में मुश्किलें बढ़ा दी हैं. थाना मिर्जापुर इलाके के जाटोवाला स्थित निर्माणाधीन स्पोर्ट्स कॉलेज के पास नदी में अचानक पानी का सैलाब आ गया. तेज बहाव के चलते पानी सड़क के ऊपर से गुजरने लगा, जबकि पुल भी क्षतिग्रस्त हो गया है. आसपास के गांवों में पानी घुसने का खतरा बना हुआ है.
वहीं शिवालिक पहाड़ियों में रविवार की रात हुई भारी बारिश के बाद सिद्धपीठ श्री शाकंभरी देवी के खोल का जलस्तर बढ़ गया. बाढ़ का पानी मंदिर परिसर की दुकानों में घुस गया. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस बरसात में पहली बार शाकंभरी नदी में इतना अधिक पानी आया है. रविवार की रात शुरू हुई बारिश थमने का नाम नहीं ले रही है.
पहाड़ी इलाकों में लगातार बारिश हो रही है, जबकि मैदानी इलाकों में रुक रुककर बदरा बरस रहे हैं. शिवालिक की पहाड़ियों में हुई बारिश का पानी मैदानी इलाकों में आफत बना हुआ है. बरसाती नदियां उफान पर हैं. जाटोवाला क्षेत्र में नदी का पानी तेजी से बढ़ने के कारण सड़कें जलमग्न हो गई हैं. कई स्थानों पर पानी सड़क के ऊपर से बह रहा है. नदी के तेज बहाव से पुल को भी नुकसान पहुंचा है, जिससे ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है.
ग्रामीणों का कहना है कि यदि बारिश इसी तरह जारी रही और नदी का जलस्तर और बढ़ा तो आसपास के गांवों में पानी घुस सकता है. कई गांवों का सम्पर्क जिला मुख्यालय और तहसील से पहले ही टूट चुका है. महमूदपुर, असगरपुर और जाटोवाला समेत कई गांवों पर इसका असर पड़ने की आशंका है.
ग्रामीण राशिद प्रधान, मोहम्मद उस्मान, अनीस, रोबिन, मुंसद, शौकीन और अब्दुल ने बताया कि पिछले वर्ष भी बरसाती पानी गांव के अंदर तक पहुंच गया था. इस बार भी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने से दहशत का माहौल है. जाटोवाला स्थित निर्माणाधीन स्पोर्ट्स कॉलेज की ओर जाने वाले पुल के नीचे पानी की निकासी के लिए बनाए गए पाइपों में कचरा फंस गया है. इसके चलते पानी की निकासी प्रभावित हुई और गांगरोह नदी का पानी आसपास के इलाकों में फैल गया.
पानी असगरपुर और महमूदपुर गांवों तक पहुंच गया. कई किसानों के खेत और आम-लीची के बाग भी पानी में डूब गए हैं. निर्माणाधीन स्पोर्ट्स कॉलेज परिसर में भी पानी पहुंच गया है. शाकम्भरी देवी खोल में आई बाढ़ का पानी नदी किनारे प्रसाद, खिलौनों और अन्य सामान की दुकानों में भी घुस गया. इससे दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई.
दुकानदारों ने सामान सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन कई दुकानों में पानी भरने से सामान को नुकसान पहुंचा है. बारिश का असर सहारनपुर-विकासनगर हाईवे पर भी दिखाई दिया. मिर्जापुर क्षेत्र में शाहपुर गाड़ा, पाडली और नौगांवा समेत कई बरसाती नदियां उफान पर आ गईं. इन नदियों का पानी हाईवे तक पहुंच गया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ. आसपास के निचले इलाकों में भी पानी भरने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ा.
