जमीन विवाद बना खूनी संघर्ष, युवक की गोली मारकर हत्या

Saiadmin

अयोध्या। अयोध्या में जमीन को लेकर चल रहा विवाद रविवार सुबह खूनी झड़प में बदल गया। कब्जे को लेकर आमने-सामने आए दो पक्षों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ी कि फायरिंग हो गई और एक युवक की मौके पर ही जान चली गई। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है और भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
मामला गोसाईंगंज थाना क्षेत्र के काजीपुर गाड़र इलाके का है। यहां जमीन कब्जे को लेकर हुए विवाद में 40 वर्षीय भूपेंद्र सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक अंकारीपुर गांव के निवासी थे और जमीन की खरीद-फरोख्त का कार्य करते थे।
परिजनों के मुताबिक, करीब एक माह पहले भूपेंद्र सिंह ने अपने भाई यतेंद्र सिंह के नाम से मंडा-कोटवा बाईपास के पास लगभग 1200 वर्ग फीट जमीन खरीदी थी। रविवार सुबह करीब नौ बजे वह अपने परिवार के साथ उक्त भूमि पर पहुंचे और नाप-जोख की प्रक्रिया शुरू की। इसी दौरान बैनामा से जुड़े उनके रिश्तेदार (चाचा पक्ष) वहां पहुंच गए और जमीन पर आपत्ति जताने लगे।
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों में तीखी बहस शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इसी दौरान अचानक गोली चल गई। दो गोलियां भूपेंद्र सिंह के सीने में लगीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। परिजन उन्हें तत्काल दर्शननगर स्थित मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। ग्रामीण पुलिस अधीक्षक बलवंत चौधरी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हालात का जायजा लिया। एहतियातन क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित पक्ष की तहरीर पर चंद्र प्रकाश, आयुष, चंद्रगीत और अमित के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है, जबकि लकी वर्मा को मुख्य आरोपी बताया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *