लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज विधान भवन में विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना की अध्यक्षता में आयोजित सर्वदलीय बैठक को संबोधित किया. यह बैठक तीन अगस्त से शुरू हो रहे विधानसभा के मानसून सत्र के संचालन के संबंध में आयोजित की गई थी.
सीएम की अपील: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सत्ता पक्ष और विपक्षी दलों के जनप्रतिनिधियों (विधानसभा/विधान परिषद सदस्यों) से कहा कि जनहित से जुड़े हर मुद्दे को सदन में रखें, साथ ही स्वस्थ चर्चा कर विकास को और गति प्रदान करने में सरकार का सहयोग करें. उन्होंने विपक्षी दलों से सदन की कार्यवाही को सुचारु रूप से चलाने की अपील भी की.
जनता के मुद्दों को प्राथमिकता: बैठक में नेता सदन योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मानसून सत्र में आमजन से जुड़े मुद्दों पर स्वस्थ चर्चा होनी चाहिए. इससे प्रदेश का विकास भी होता है और जनता की समस्याओं का समाधान भी. जनप्रतिनिधि को जनता के हित से जुड़े हर मुद्दों को सदन में गंभीरता से उठाना चाहिए. सीएम ने सभी सदस्यों से अपील की है कि सदन के सुचारु संचालन में सभी सदस्यों का सहयोग मिलना चाहिए, इसमें किसी भी प्रकार की बाधा न आए.
सपा ने किया बहिष्कार: इस बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि शामिल हुए, लेकिन समाजवादी पार्टी ने बैठक का बहिष्कार कर दिया. सपा का कोई भी विधायक बैठक में नहीं पहुंचा. इससे पूर्व कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में सपा ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मामले पर चर्चा करने की जोरदार मांग की. समाजवादी पार्टी के विधायक रविदास मेहरोत्रा ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 25 करोड़ लोग हैं. चार दिनों में इतने बड़े राज्य की समस्याओं पर चर्चा करना भला कहां से संभव हो पाएगा? प्रदेश सरकार यही चाहती है कि मुद्दों पर चर्चा होने ही न पाए इसलिए सदन का कार्यकाल इतने कम दिन का रखा गया है.
सत्र में क्या होगा: बता दें कि इस बार का विधानसभा सत्र तीन अगस्त से लेकर छह अगस्त तक है. तीन अगस्त को समाजवादी पार्टी के एक विधायक का निधन होने के चलते सत्र के पहले दिन श्रद्धांजलि सभा के बाद समापन हो जाएगा. इसके बाद चार अगस्त को अधिसूचनाएं अध्यादेश नियम और दूसरे जरूरी दस्तावेज सदन के पटल पर रखे जाएंगे नए विधायक की पेश किया जा सकते हैं. अनुपूरक बजट की मांगे पेश की जाएंगी. फिर विभिन्न मुद्दों पर सदन में चर्चा होगी. पांच अगस्त को सदन में विधायी काम संपन्न किए जाएंगे. सदन के आखिरी दिन छह अगस्त को अनुपूरक बजट की मांगों पर चर्चा की जाएगी और वोटिंग होगी. अनुपूरक बजट पास किया जाएगा.
विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने भी सदन के सुचारु संचालन के लिए सभी सदस्यों का सहयोग मांगा. बैठक में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, वित्त/संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना, नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय, निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर, कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा, जनसत्ता दल लोकतांत्रिक पार्टी से रघुराज प्रताप सिंह ‘राजा भैया’, निषाद पार्टी विधानमंडल दल के नेता रमेश सिंह, अपना दल (एस) के आरके पटेल और राष्ट्रीय लोकदल के राजपाल बालियान आदि मौजूद रहे.
