किसान के साथ कथित धोखाधड़ी पर भड़का आक्रोश

Saiadmin

भारतीय किसान यूनियन राष्ट्रीय एकतावादी का तहसील परिसर में धरना

अयोध्या। किसान से जुड़ी कथित धोखाधड़ी के मामले को लेकर भारतीय किसान यूनियन राष्ट्रीय एकतावादी के पदाधिकारियों ने सदर तहसील स्थित तिकोनीया पार्क में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। संगठन के मंडल अध्यक्ष पवन कुमार सिंह और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नरेश कुमार तिवारी की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने पीड़ित किसान परिवार के समर्थन में आवाज बुलंद की।
धरने के दौरान नेताओं ने आरोप लगाया कि मामला थाना गोसाईगंज क्षेत्र के वंदनपुर रूपी का पुरवा गांव से जुड़ा है। बताया गया कि करीब 30 वर्ष पहले दो किसान परिवारों ने एक एग्रीमेंट के आधार पर भूमि खरीदी थी। परिवारों ने उक्त जमीन पर मकान बनाया और आजीविका के लिए तेल पेरने की मशीन भी स्थापित की।
संगठन के पदाधिकारियों का आरोप है कि बाद में घनश्याम वर्मा नामक व्यक्ति ने कथित रूप से जमीन के मूल मालिक को नशे में रखकर अपने नाम बैनामा करवा लिया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब जमीन पहले ही बैनामा हो चुकी थी तो दोबारा रजिस्ट्री कैसे संभव हुई। इसे उन्होंने सुनियोजित धोखाधड़ी करार दिया।
किसान यूनियन नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि विपक्षी पक्ष की ओर से पीड़ित परिवार पर दो बार हमला किया गया। उन्होंने मामले में निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ धारा 420 के तहत कार्रवाई की जानी चाहिए।
धरने के अंत में संगठन ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपने की बात कही और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मिलकर पूरे प्रकरण की जांच कराने की मांग उठाई। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते न्याय नहीं मिला तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *