डोनाल्‍ड ट्रंप की CNN के साथ तेज हुई जुबानी जंग तो वाइट हाउस ने लॉन्च किया ‘ट्रंप टीवी’, कोर्ट पहुंचा केस

Saiadmin

वॉशिंगटन: व्हाइट हाउस ने सोमवार (स्थानीय समयानुसार) को ‘ट्रंप टीवी’ लॉन्च किया है. जानकारी के मुताबिक यह टीवी 24/7 चलने वाला एक स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म है, जिस पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पुराने भाषण और प्रशासन की घोषणाएं व अपडेट दिखाए जाएंगे. इस टीवी के लॉन्च होने से दर्शकों को राष्ट्रपति से जुड़ी सामग्री के लिए एक समर्पित प्लेटफॉर्म मिल सकेगा.

ट्रंप टीवी के लॉन्च होने की जानकारी व्हाइट हाउस के आधिकारिक सोशल मीडिया ‘एक्स’ अकाउंट पर पोस्ट करके दी गई. इसमें बताया गया कि यह चैनल लाइव हो गया है. ट्रंप टीवी अब स्ट्रीम 24/7 रियल-टाइम अपडेट के साथ खबरें देगा, जिसमें ट्रंप के पुराने खास पल, घोषणाएं और प्रशासन की ताजा और बेहतरीन खबरें एक ही जगह पर मिलेंगी. लॉन्च के दौरान, व्हाइट हाउस ने ट्रंप के पहले के सार्वजनिक कार्यक्रमों और भाषणों के फुटेज दिखाए, जिसमें अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के तौर पर उनका शपथ ग्रहण समारोह भी शामिल था.

यह कदम व्हाइट हाउस में प्रेस की पहुंच को लेकर ट्रंप प्रशासन और कई बड़े समाचार संगठनों के बीच बढ़ते विवाद के बीच उठाया गया है. इससे पहले सोमवार को, ट्रंप ने सीएनएन CNN, Politico और MS NOW पर लगाई गई पाबंदियों का बचाव किया. इन तीनों संगठनों ने अपने पत्रकारों की पहुंच रद्द करने के प्रशासन के फैसले को चुनौती देते हुए एक फेडरल मुकदमा दायर किया था. न्यूयॉर्क शहर के मेयर जोहरान मम्दानी के साथ बैठक के बाद ग्रेसी मैंशन के बाहर पत्रकारों से बात करते हुए, ट्रंप ने उन सुझावों को खारिज कर दिया कि मीडिया संगठन उनका बहिष्कार कर सकते हैं.

ट्रंप ने कहा कि इन चैनलों ने कहा था कि वे मेरा बहिष्कार करेंगे, लेकिन उन्होंने कभी ऐसा नहीं किया. इसलिए मुझे इसकी ज्यादा चिंता नहीं थी. जरा उस प्रेस को तो देखिए. ट्रंप ने कहा कि मीडिया की जिम्मेदारी है कि वह निष्पक्ष रूप से रिपोर्टिंग करे. उन्होंने अपने प्रशासन के उस फैसले का बचाव किया जिसके तहत उन मीडिया आउटलेट्स पर पाबंदी लगाई गई थी, जिन पर उन्होंने ‘फेक न्यूज’ छापने का आरोप लगाया था.

ट्रंप ने व्हाइट हाउस का जfक्र करते हुए कहा कि मुझे लगता है कि इन आउटलेट्स की जिम्मेदारी है कि वे निष्पक्ष रहें. और अगर वे फेक न्यूज़ फैलाते हैं, तो मुझे सच में लगता है कि मेरी जिम्मेदारी है कि मैं उन्हें एक और बहुत खास घर में आने की इजाजत न दूं. व्हाइट हाउस ने इन पाबंदियों का बचाव करते हुए तर्क दिया है कि ‘फर्स्ट अमेंडमेंट’ (संविधान का पहला संशोधन) मीडिया को खबरें छापने या प्रकाशित करने के अधिकार की सुरक्षा तो करता है, लेकिन किसी खास संगठन को व्हाइट हाउस परिसर, ब्रीफिंग रूम या प्रेसिडेंशियल प्रेस पूल तक पहुंचने की गारंटी नहीं देता है.

CNN, MS NOW और Politico ने इन पाबंदियों को अदालत में चुनौती दी है. उनका तर्क है कि सरकार को यह तय नहीं करना चाहिए कि कौन से पत्रकार अपनी रिपोर्टिंग के आधार पर व्हाइट हाउस में जा सकते हैं. इस विवाद का असर व्हाइट हाउस के टेलीविजन पूल पर भी पड़ा है, जो राष्ट्रपति से जुड़े कार्यक्रमों का फुटेज सभी संबंधित समाचार संगठनों को उपलब्ध कराता है. ट्रंप अभी संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र के लिए न्यूयॉर्क में हैं और वे उच्च-स्तरीय आम बहस में हिस्सा लेने के साथ-साथ दुनिया के कई नेताओं के साथ बैठकें भी करेंगे.

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *