म्यूजियम ऑफ ड्रीम्स’: मुंबई की कड़वी सच्चाई बयां करती फिल्म के इंडिया प्रीमियर पर खड़े होकर बजीं तालियां, दर्शकों का मिला अपार प्यार

Saiadmin

​नई दिल्ली: मुंबई फिल्म इंडस्ट्री को पूरी दुनिया ‘सपनों का शहर’ कहती है, लेकिन इस जगमगाती चमक-दमक के पीछे संघर्ष, अनिश्चितता और टूटते सपनों की एक ऐसी भी दुनिया है, जिस पर अमूमन नजरें नहीं जातीं। इसी अनकही हकीकत, निरंतर इंतजार और हाशिए पर छूट जाने वाले कलाकारों की व्यथा को पर्दे पर उकेरती है स्वतंत्र फिल्मकार राम शर्मा की पहली फीचर फिल्म ‘म्यूजियम ऑफ ड्रीम्स’ (Museum of Dreams)।

हाल ही में बर्लिन के प्रतिष्ठित 14वें इंडो-जर्मन फिल्म वीक के कम्पटीशन सेक्शन में अंतरराष्ट्रीय सराहना बटोरने के बाद, इस फिल्म का बहुप्रतीक्षित इंडिया प्रीमियर देश की राजधानी नई दिल्ली में 14वें जागरण फिल्म फेस्टिवल 2026 के तहत आयोजित किया गया।

हाउसफुल हॉल और स्टैंडिंग ओवेशन: दर्शकों का जीता दिल

जागरण फिल्म फेस्टिवल के आख़िरी दिन, आख़िरी शो के तौर पर प्रदर्शित इस फिल्म को देखने के लिए दर्शकों का हुजूम उमड़ पड़ा। आलम यह था कि पूरा हॉल दर्शकों से खचाखच भरा हुआ था और जगह कम पड़ने के कारण कई दर्शक सीढ़ियों पर बैठकर फिल्म देखने को मजबूर हुए।

107 मिनट की इस भावनात्मक यात्रा ने हर दर्शक का मन मोह लिया। फिल्म के कई दृश्य इतने मार्मिक थे कि हॉल में मौजूद लोग भावुक हो गए। जैसे ही फिल्म समाप्त हुई, पूरे हॉल ने खड़े होकर तालियों की गड़गड़ाहट (Standing Ovation) के साथ फिल्म का सम्मान किया।
फिल्म खत्म होने के बाद एक विशेष ‘क्यू एंड ए’ (Q&A) सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें निर्देशक, लेखक, निर्माता और मुख्य कलाकार मंच पर मौजूद थे। दर्शकों ने न केवल कहानी, बल्कि फिल्म की बेहतरीन सिनेमेटोग्राफी और बैकग्राउंड स्कोर की भी जमकर तारीफ की। कई दर्शकों ने इस फिल्म की तुलना मधुर भंडारकर, राम गोपाल वर्मा और अनुराग कश्यप जैसे दिग्गजों के सिनेमा से की।

छोटे गांव से मायानगरी का कठिन सफर

फिल्म की कहानी हिमाचल प्रदेश के एक सुदूर गांव से मुंबई पहुंचे ‘विष्णु कालटा’ नाम के एक युवक के इर्द-गिर्द घूमती है, जो पिछले छह वर्षों से अभिनेता बनने की चाह में मायानगरी की गलियों में भटक रहा है।

पारंपरिक सिनेमा की उन कहानियों से अलग—जहाँ संघर्ष के बाद आसानी से सुखद अंत मिल जाता है—यह फिल्म कलाकार के अंतहीन इंतजार, रोजमर्रा की आर्थिक अनिश्चितता, अनगिनत ऑडिशन्स के दौर और बार-बार खारिज किए जाने के दर्द को बेहद संजीदगी से दिखाती है। समय बीतने के साथ अभिनय की यह जंग केवल करियर का सवाल नहीं रह जाती, बल्कि उसके अस्तित्व और आत्मसम्मान की लड़ाई बन जाती है।

जल्द ही सिनेमाघरों में होगी रिलीज

फिल्म की अपार सफलता और दर्शकों के प्यार पर खुशी जताते हुए निर्देशक राम शर्मा ने बताया कि टीम की कड़ी मेहनत रंग लाई है। उन्होंने कहा, “हम ‘म्यूजियम ऑफ ड्रीम्स’ को इस साल दुनिया भर के तमाम प्रतिष्ठित फिल्म फेस्टिवल्स में भेजेंगे। इसके बाद हमारी पूरी कोशिश होगी कि इसे जल्द से जल्द भारत के सिनेमाघरों में रिलीज किया जाए ताकि यह कहानी ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंच सके।”

फिल्म के लेखक एवं निर्देशक: राम शर्मा, निर्माता: कीर्ति शर्मा, सह-निर्माता: निलेश जाटवा, राम शर्मा एवं गौरव शारदा राय, मुख्य भूमिका: अमित भारद्वाज,चारु अग्रवाल, धीरेन्द्र कुमार तिवारी, अनुमेहा जैन तथा सिनेमैटोग्राफी: प्रियशंकर घोष , संपादक : अरुण के. किरण , साउंड डिज़ाइन: निलेश जाटवा व प्रोडक्शन बैनर: ख़्वाबवाला प्रोडक्शन (अम्यूजमैक स्टूडियो व सस्ता सिनेमा के सहयोग से)

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *