पूर्व CM हरीश रावत की इंटरनेट मीडिया पर दिली इच्छा: ‘हरिद्वार से लड़ना चाहता हूँ विधानसभा चुनाव’

Saiadmin

देहरादून। कांग्रेस के कद्दावर नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने इंटरनेट मीडिया के माध्यम से आगामी विधानसभा चुनाव में हरिद्वार के एक विस क्षेत्र से चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है। उन्होंने हरिद्वार से सांसद रहते हुए वर्ष 2009 से 2014 के कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि वह उनके जीवन का स्वर्णिम काल था।

उन्होंने कहा कि उम्र बढ़ रही है, लेकिन हरिद्वार के साथ उनका रोमांस भी उतनी ही तेजी से बढ़ रहा है। हरीश रावत ने कहा कि उस दौरान मतदाता और प्रतिनिधि के बीच ऐसा संबंध बन गया था, जिसमें दोनों एक-दूसरे के पर्याय बन गए थे।

हरिद्वार में सैकड़ों परिवारों से उनके व्यक्तिगत और पारिवारिक रिश्ते बने, जो आज भी कायम हैं। हजारों लोगों से प्रेम, सौहार्द और कर्तव्य के रिश्ते भी लगातार बने हुए हैं।

उन्होंने लिखा कि उनके मन में इच्छा उठ रही है कि क्या वह एक बार फिर हरिद्वार का प्रतिनिधित्व कर सकते हैं। वह हरिद्वार को विधानसभा में प्रभावी रूप से प्रस्तुत करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि हरिद्वार के लिए उनके मन में बहुत सारी सोच और योजनाएं हैं।

वह हरिद्वार को उत्तराखंड का संबल और मजबूत आधार बनाना चाहते हैं। रावत ने कहा कि राज्य के समग्र सवालों और पार्टी के आंतरिक विषयों पर विचार करने के बाद उन्हें अपनी भावना दबानी पड़ती है।

हालांकि, वह हरिद्वार से सुदृढ़, विवेकशील और समन्वयकारी नेतृत्व विधानसभा में पहुंचाने में योगदान कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि सांस रहने तक वह हरिद्वार की सेवा करते रहेंगे और अल्मोड़ा को ध्यान में रखकर भी यह भूमिका निभाएंगे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *