देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के बसंत विहार क्षेत्र स्थित भाजपा पार्षद के घर चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है. चोरी का आरोप घरेलू सहायक पर लगा है. सहायक, परिवार को बेहोश कर घर से कैश और लाखों की ज्वेलरी लेकर फरार हो गया है. घटना के बाद पार्षद अमिता सिंह की तबीयत बिगड़ गई, जिस कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है.
बसंत विहार पुलिस के मुताबिक, 30 सितंबर की सुबह बसंत विहार क्षेत्र में वार्ड 36 विजय पार्क की भाजपा पार्षद अमिता सिंह के घर चोरी की घटना घटी. बताया गया कि घर का घरेलू सहायक ने खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर परिवार को बेहोश किया और इसके बाद घर से कैश और लाखों रुपयों की ज्वेलरी लेकर फरार हो गया. घटना के बाद पार्षद अमिता सिंह की तबीयत बिगड़ गई. जिसके बाद परिजनों ने अमिता सिंह को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार चल रहा है.
घटना की सूचना परिजनों द्वारा पुलिस को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घर से गायब कैश और ज्वेलरी की कीमत का भी आकलन किया. इधर, पुलिस घटना के समय घर में मौजूद लोगों और घरेलू सहायक की गतिविधियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस के हाथ कुछ सीसीटीवी फुटेज भी लगे हैं, जिसमें चोर की संदिग्ध गतिविध कैद हुई है. पुलिस फॉरेंसिक टीम की मदद से भी सबूत जुटा रही है.
20 से 25 दिन पहले ऑनलाइन एंजेसी के जरिए घरेलू सहायक को घर के कामकाज के लिए हायर किया था. कल रात (29 सिंतबर) डिनर के खाने में नौकर ने कुछ पाउडर मिलाया था. घर में मौजूद अमिता सिंह, भांजा और छोटे दामाद ने खाना खाया. हालांकि भांजा और छोटे दामाद को होश आ गया है, लेकिन बहन अमिता सिंह का उपचार सिनर्जी अस्पताल देहरादून में चल रहा है. चिकित्सकों के मुताबिक आउट ऑफ डेंजर है.
-राजेश तलवार, अमिता सिंह का भाई-
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पार्षद की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है. आरोपी घरेलू सहायक की तलाश के साथ ही घर से गायब कैश और ज्वेलरी के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है.
– अंकित कंडारी, सीओ सदर –
