मथुरा: बीजेपी विधायक राजेश चौधरी को सीमा पार पाकिस्तान से धमकी भरा फोन कॉल आने से मथुरा में हड़कंप मचा हुआ है. दहशत में आए भाजपा विधायक ने नगर कोतवाली में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. पुलिस की सर्विलांस टीम मामले की जांच में जुटी है. बताया जा रहा है कि घटना सोमवार देर रात की है जब जिले के मांट विधानसभा सीट से विधायक को ये धमकी भरे फोन कॉल आए. जिसमें बम से उड़ाने की धमकी दी गई. बताया जा रहा है कि विधायक को पहले भी इस तरह की धमकी मिल चुकी है.
पाकिस्तान से मिली धमकी
बताया जा रहा है कि +923150684563 से निजी नंबर पर फोन कॉल आया था. जिसमें अभद्र भाषा में बात की गई. बाद में परिवार को बम से उड़ने की धमकी पाकिस्तानी कॉलर की ओर से दी गई. पुलिस अधिकारी मामले की गंभीरता को देखते हुए मांट विधायक राजेश चौधरी के आवास पर सुरक्षा बढ़ाई गई है. घर के बाहर पुलिस बल को चौकन्ना रहने को कहा गया है.
टीवी चैनलों पर करते डिबेट
बीजेपी विधायक राजेश चौधरी फिलहाल प्रदेश के महामंत्री पद पर हैं और आए दिन टीवी चैनलों के डिबेट कार्यक्रम में भी हिस्सा लेते हैं. सीओ सिटी आशना चौधरी ने बताया 28 सितंबर 2026 को विधायक राजेश चौधरी जी को एक धमकी भरा फोन कॉल आया, अभद्र भाषा में बात की गई थी. इस तरह के फोन कॉल पहले भी उनके पास आई थी. विधायक जी के द्वारा तहरीर ली गई है और मुकदमा दर्ज कराया गया है साइबर सेल की मदद से इसमें कार्रवाई की जाएगी.
