लखनऊ। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सरकार बनने पर विश्वकर्मा जयंती पर अवकाश के वादा किया है। सपा प्रमुख ने कहा कि पहले सपा सरकार में जो सार्वजनिक अवकाश दिया जाता था, उसे भाजपा ने बंद कर दिया। दोबारा सरकार आते ही यह छुट्टी बहाल की जाएगी।
साथ ही लखनऊ में गोमती रिवर फ्रंट पर भगवान विश्वकर्मा का भव्य और सुंदर मंदिर बनाया जाएगा। उन्होंने यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (यूपीआइ) से भुगतान पर शुल्क लगाने का भी विरोध जताया और उसे वापस लेने की मांग की।
गुरुवार को पार्टी मुख्यालय पर पत्रकार वार्ता में सपा प्रमुख ने कहा कि नोटबंदी के समय कहा गया था कि यह बड़े लोगों के लिए है, लेकिन नुकसान आम जनता का हुआ। अब यूपीआइ भी पैसा ऐंठने और चुंगी वसूलने की व्यवस्था बन चुकी है। हम इसके खिलाफ हैं। इन ‘चुंगीजीवियों’ का यह खेल बंद होना चाहिए।
भाजपा सरकार में सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि मैं भाजपा के लोगों से कहूंगा कि कभी मां गंगा बुलाएं तो गंगा एक्सप्रेसवे से मत जाना।
आज भी चल रही मरम्मत
पहली ही बारिश में वह वाटर एक्सप्रेस-वे बन गया था और उसके गड्ढे छिपाने के लिए भदोही से कालीन मंगाए गए थे। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे का पीएम ने उद्घाटन किया था, वह चालू होते ही धंस गया। आज भी वहां मरम्मत चला रही है। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हमारी नकल लड़ाकू विमान तो उतार दिया, लेकिन आज भी रफ्तार पकड़ते ही गाड़ी अस्पताल पहुंचा देगी या कमर का इलाज कराना पड़ेगा।
कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर दो दिन पहले आरसीसी का पुल गिरने लगा और सरिया दिखने लगा। पता नहीं सीमेंट खराब था या बालू। सपा प्रमुख ने कहा कि समाजवादियों ने जो निर्माण कराए, उनकी क्वालिटी पर आज भी कोई सवाल नहीं उठा सकता। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे देश का सबसे बेहतरीन एक्सप्रेसवे है।
एनएचएआइ ने इसकी डिजाइन कापी करने की कोशिश की, लेकिन कर नहीं पाए। भाजपा के लोग तो एक्सप्रेसवे के मेंटेनेंस का पैसा भी खा गए। वे एक्सप्रेसवे के किनारे मंडियां तक नहीं बना पाए। वहां परफ्यूम पार्क भी बनना था, परंतु गोबर और गो-मूत्र की राजनीति करने वालों को परफ्यूम पार्क से क्या लेना-देना?
सपा सरकार में बांटे गए लैपटॉप आज भी ऑन होते हैं। गोमती रिवर फ्रंट के नोजल पर आज तक जंग नहीं लगा है। हमारे समय बने साइकिल हाईवे की आरसीसी सड़कें आज भी वैसी ही मजबूत हैं।
भाजपा सरकार के पौधारोपण के दावों पर कहा कि सुनने में आ रहा है कि कागजों पर 200 करोड़ पेड़ लगा दिए गए हैं। सपा सरकार में 1,000 एकड़ जमीन पर 1.34 लाख पेड़ लगे थे। अगर 200 करोड़ पेड़ लगे हैं, तो सरकार बताए कि वह जमीन आखिरकार है कहां?
इसी दौरान पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रो. रामश्रय कुशवाहा ने अपने समर्थकों के साथ सपा की सदस्यता ग्रहण की। मथुरा के प्रमुख व्यापारी अशोक अग्रवाल भी फिर सपा में शामिल हुए।
