आगरा के थाना ताजगंज पुलिस टीम व सर्विलांस/एसओजी टीम नगर जोन ने संयुक्त कार्रवाई में फ्लिपकार्ट डिलीवरी हब से चोरी करने वाले गैंग का पर्दाफाश किया और 5 अभियुक्तों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की। इस गैंग ने आगरा के अलावा अन्य राज्यों में भी चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था।
दिनांक 11/12.02.2026 की रात्री में पंचवटी रोड ताजगंज फेस-2 स्थित Flipkart Delivery hub में कुछ अज्ञात चोरों ने हब का ताला काटकर 02 document Locker और 1-cash Locker से नकदी व मोबाइल फोन सहित अन्य सामान चोरी कर लिया। इस संबंध में Flipkart Delivery hub इंचार्ज द्वारा थाना ताजगंज पर मु0अ0सं0-39/2026 धारा-305(a)/331(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस उपयुक्त नगर आगरा ने थाना ताजगंज पर विशेष पुलिस टीमों का गठन किया। टीमों ने घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की और घटना में शामिल अभियुक्तों की पहचान की। मुखबिर की सूचना पर 21.02.2026 को पांचों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से ₹2,90,000/- नकद (चोरी के), घटना में प्रयुक्त 01 स्कॉर्पियो कार, 06 मोबाइल फोन और चोरी में इस्तेमाल किए गए अन्य उपकरण बरामद किए।
गिरफ्तार अभियुक्त आमिर पुत्र बाबू खान निवासी- गांव मंडोला टाउनिका सिटी, गाजियाबाद, आस मोहम्मद पुत्र जरीफ निवासी- भोजपुर थाना भोजपुर, गाजियाबाद, शैलेंद्र पुत्र महावीर सिंह निवासी- गांव महालपुर थाना महरोई, एटा, अतुल त्यागी पुत्र सुरेंद्र त्यागी निवासी- गांव मंडोला टाउनिका सिटी, गाजियाबाद, प्रिंस उर्फ दरोगा निवासी गाजियाबाद है।
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे एक संगठित गैंग बनाकर विभिन्न जनपदों में फ्लिपकार्ट डिलीवरी हब से चोरी करते थे। उन्होंने पूर्व में हापुड़, बदायूं, हरिद्वार और जयपुर में भी चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। चोरी के माल को वे आपस में बांट लेते थे और स्कॉर्पियो कार का इस्तेमाल करते थे, जिस पर गलत नंबर प्लेट लगी थी।
पुलिस ने सभी बरामद सामान को साक्ष्य के रूप में रखा है और आगे की जांच जारी है। अभियुक्तों के खिलाफ बीएनएस की धारा-317(2)/318(4)/345(3) के तहत अभियोग पंजीकृत कर बढ़ोतरी की गई है।
