नई दिल्ली: राजधानी के कनॉट प्लेस इलाके में एक कारोबारी की पीट-पीटकर हत्या का सनीखेज मामला सामने आया है. पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. हालांकि वारदात में शामिल तीसरा आरोपी अभी फरार है. जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
मृतक की पहचान लक्ष्मी नगर निवासी 36 वर्षीय कारोबारी शिवम गुप्ता के रूप में हुई है. घटना 3 जनवरी की देर रात की है. जब करीब डेढ़ बजे कनॉट प्लेस थाना पुलिस को पीसीआर कॉल मिली. कॉल करने वाले ने बताया कि ई-ब्लॉक इलाके में एक युवक खून से लथपथ हालत में पड़ा है और उसे हेलमेट से बेरहमी से पीटा गया है.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल शिवम को तुरंत लोक नायक जयप्रकाश अस्पताल में भर्ती कराया गया. डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर बताई. युवक के पास मिले दस्तावेजों के आधार पर पुलिस ने परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद परिवार ने अस्पताल पहुंचकर उसकी पहचान की.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फोरेंसिक और क्राइम टीम को मौके पर बुलाया. घटनास्थल से जुड़े रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और मोबाइल फोन के कॉल डिटेल रिकॉर्ड की जांच की गई. मेडिकल जांच में शिवम के सिर में कई गंभीर अंदरूनी चोटें पाई गईं, जिससे वह बयान देने की स्थिति में नहीं था. बेहतर इलाज के लिए 4 जनवरी को शिवम को राम मनोहर लोहिया अस्पताल शिफ्ट किया गया, जहां 5 जनवरी को उसकी सर्जरी की गई.
डॉक्टरों ने बताया कि सिर में आई चोटें बेहद गंभीर थीं और ऑपरेशन के बाद के शुरुआती 36 से 72 घंटे अहम थे. इलाज के दौरान कुछ समय के लिए उसकी हालत में सुधार के संकेत मिले, लेकिन 19 जनवरी को शिवम ने दम तोड़ दिया. इसके बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धाराएं भी जोड़ दीं. जांच के दौरान पुलिस ने सबूतों के आधार पर दो आरोपियों की पहचान कर उनके ठिकानों पर छापेमारी कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया.
