उत्तराखंड: मतदाता सूची के SIR पर कांग्रेस के आरोपों पर BJP का पलटवार, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट बोले- ‘हार का नया बहाना ढूंढ रही कांग्रेस’

Saiadmin

देहरादून। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर भाजपा ने पलटवार किया है। प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस पर एसआइआर को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि लगातार दो चुनावों में ईवीएम को हार का बहाना बनाने वाली कांग्रेस अब एसआइआर को नया बहाना बनाने की तैयारी में है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपनी संभावित हार दिखाई दे रही है, इसलिए वह संवैधानिक संस्थाओं को कठघरे में खड़ा करने की कोशिश कर रही है।

भट्ट ने कहा कि कांग्रेस नेताओं के पास राजभवन, सचिवालय और चुनाव आयोग के घेराव तथा ज्ञापन देने का समय है, लेकिन मतदाताओं के बीच जाकर एसआइआर प्रक्रिया में उनकी मदद करने का समय नहीं है।

उनके अनुसार कांग्रेस को यह बताना चाहिए कि यदि किसी पात्र मतदाता को सूची में नाम को लेकर समस्या है तो उसकी मदद के लिए पार्टी ने क्या अभियान चलाया है। चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवालों के बीच भट्ट ने आयोग के भीतर कथित मतभेदों को भी कांग्रेस की राजनीतिक व्याख्या बताया।

उन्होंने कहा कि किसी संवैधानिक संस्था में निर्णय से पहले अलग-अलग सदस्यों के बीच विचार-विमर्श होना सामान्य प्रक्रिया है। चुनाव आयोग ने भी 23 सितंबर को कहा था कि एसआइआर से जुड़े उसके निर्णय सर्वसम्मति से लिए गए हैं।

भट्ट ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अब एसआइआर को वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में अपनी हार का नया राजनीतिक मुद्दा बनाने की रणनीति पर काम कर रही है। भाजपा विकास और जनकल्याण के मुद्दों के साथ चुनाव मैदान में जाएगी।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *