हरिद्वार: भाजपा की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आज हरिद्वार के प्रेमनगर आश्रम में शुरू हो गई है. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी हरिद्वार पहुंचकर कार्यसमिति की बैठक में शामिल हुए और बैठक का शुभारंभ किया. प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी बैठक में मौजूद हैं.
कार्यसमिति में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर करीब तीन घंटे तक मंथन होगा. बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, आगामी कार्यक्रमों और चुनावी रणनीति को लेकर चर्चा की जा रही है. भाजपा ने उत्तराखंड में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने का लक्ष्य रखा है. बैठक में प्रदेश प्रभारी राम माधव, सह प्रभारी बांसुरी स्वराज सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता भी मौजूद हैं. वहीं शाम केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह हरिद्वार पहुंचेंगे. कार्यक्रम के मुताबिक, 3:20 बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर से रवाना होकर 3:40 बजे गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय हेलीपैड पहुंचेंगे. इसके बाद कार से 3:45 बजे रवाना होकर 3:50 बजे प्रेमनगर आश्रम पहुंचने का कार्यक्रम है. वह कार्यसमिति की बैठक में शामिल होकर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे.
कार्यसमिति की यह बैठक विधानसभा चुनाव 2027 से पहले भाजपा की चुनावी तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है. बैठक में आगामी कार्यक्रमों और चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देने पर भी चर्चा होगी. विधानसभा चुनाव 2027 से पहले हो रही इस बैठक को पार्टी की आगामी रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है और साल के 365 दिन चुनाव के लिए तैयार रहती है. प्रदेश कार्यसमिति में शामिल हजारों पदाधिकारी और कार्यकर्ता यहां से नए उत्साह और ऊर्जा के साथ लौटेंगे. सभी कार्यकर्ता 2027 के विधानसभा चुनाव में बड़े बहुमत के साथ भाजपा की तीसरी बार सरकार बनाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ेंगे. भाजपा को प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक मजबूत किया जाएगा. पन्ना प्रमुख, शक्ति केंद्र, मंडल और सभी मोर्चों को मजबूत करते हुए संगठन को चुनाव के लिए तैयार किया जा रहा है. उत्तराखंड में विकास की गंगा बहाने के साथ सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाया जाएगा.
-पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री उत्तराखंड-
2027 में तीसरी बार मुख्यमंत्री का चेहरा बनने के सवाल पर धामी ने मुस्कुराते हुए कहा, चेहरा भाजपा होगी. प्रचंड बहुमत की सरकार बनाएंगे. उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन और कार्यकर्ताओं की ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी.
पहले दिन की बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अलावा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत सभी मोर्चों के पदाधिकारी शामिल हुए. प्रत्येक मोर्चे को एक लाख कार्यकर्ता जोड़ने का लक्ष्य दिया गया. इसके साथ ही चुनाव से पहले अन्य दलों से भाजपा ज्वाइन करने वाले कार्यकर्ताओं कि भाजपा में एंट्री के लिए मोर्चे ही एंट्री कराएंगे. कुल मिलाकर भाजपा ने हरिद्वार में कार्य समिति की बैठक कर 2027 विधानसभा चुनाव का शंखनाद कर दिया है.
