वॉशिंगटन: अमेरिका की फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) ने फरार गैंगस्टर सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ को मोस्ट वांटेड भगोड़ों की लिस्ट में शामिल किया है. बता दें, गोल्डी बराड़ लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा हुआ है. इसके साथ-साथ एफबीआई (FBI) ने उसकी गिरफ्तारी में मदद करने वाली जानकारी देने पर 1 मिलियन अमेरिकी डॉलर तक का इनाम देने की घोषणा की है.
FBI की एक नोटिस के अनुसार, गोल्डी बराड़ को एक ऐसे अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध गिरोह का नेतृत्व करने में कथित भूमिका के लिए वांछित माना गया है, जो अमेरिका और कनाडा में हिंसक आपराधिक गतिविधियों में शामिल है. फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन ने सिंह को अपनी ‘दस सबसे वांछित भगोड़ों’ (Ten Most Wanted Fugitives) की सूची में शामिल किया है. उन पर लॉरेंस बिश्नोई संगठित अपराध समूह (OCG) के उत्तरी अमेरिकी कामकाज का नेतृत्व करने का आरोप है. इस समूह पर राजनीतिक और धार्मिक हस्तियों की हत्या, गोलीबारी, कत्ल, अपहरण, जबरन वसूली, मारपीट, मानव तस्करी, और नशीले पदार्थों व हथियारों की तस्करी में शामिल होने का आरोप है.
FBI लॉस एंजिल्स के प्रभारी सहायक निदेशक पैट्रिक ग्रैंडी ने कहा कि सिंह को इस सूची में इसलिए शामिल किया गया क्योंकि उन पर हिंसक अपराधों में शामिल होने का आरोप है और उनसे सार्वजनिक सुरक्षा को खतरा है. ग्रैंडी ने कहा कि सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ को हिंसा की उसकी प्रवृत्ति और उन विभिन्न अपराधों के आधार पर FBI की कुख्यात ‘दस सबसे वांछित भगोड़ों’ (Ten Most Wanted Fugitives) की सूची में शामिल किया गया था, जिनके लिए उस पर आरोप लगाए गए हैं.
नोटिस के अनुसार, 1 जुलाई को लॉस एंजिल्स में अमेरिकी जिला अदालत ने सिंह के खिलाफ एक संघीय गिरफ्तारी वारंट जारी किया. उन पर ‘रैकेटीयर इन्फ्लुएंस्ड एंड करप्ट ऑर्गेनाइजेशंस’ (RICO) साजिश, जबरन वसूली के जरिए व्यापार में बाधा डालने की साजिश और ऐसा करने की कोशिश, तथा वितरण के इरादे से प्रतिबंधित पदार्थों को रखने और बांटने की साजिश रचने के आरोप हैं. FBI ने आरोप लगाया कि लॉरेंस बिश्नोई का बचपन का साथी सिंह, अमेरिका और कनाडा में इस समूह के कामकाज को संभालता था। वह लक्षित हत्याओं, गोलीबारी, अपहरण, मारपीट, जबरन वसूली और नशीले पदार्थों की तस्करी जैसी गतिविधियों का संचालन करता था.
नोटिस में यह भी बताया गया है कि बिश्नोई OCG का मुख्यालय भारत में है और अमेरिका, कनाडा, यूनाइटेड किंगडम, यूरोप तथा ऑस्ट्रेलिया में इसके हज़ारों सदस्य और सहयोगी हैं. गोल्डी बराड़ के कई कथित सहयोगियों को ऑपरेशन हार्ड बॉल के दौरान गिरफ्तार किया गया था, जो रैकेटियरिंग, लक्षित हत्याओं, जबरन वसूली और अंतरराष्ट्रीय नशीले पदार्थों की तस्करी में शामिल संगठित अपराध सिंडिकेट की एक साल लंबी संघीय जांच थी.
FBI ने सिंह को हथियारबंद और खतरनाक बताया है और लोगों को चेतावनी दी है कि वे उसके करीब न जाएं. ब्यूरो ने अपील की है कि अगर किसी को भी उसके ठिकाने के बारे में कोई जानकारी हो, तो वे अपने स्थानीय FBI कार्यालय या नजदीकी अमेरिकी दूतावास या वाणिज्य दूतावास से संपर्क करें, या फिर उनकी आधिकारिक वेबसाइट के जरिए जानकारी दें. FBI ने यह भी भरोसा दिलाया है कि जानकारी देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी.
