‘चंपावत मेरे लिए कर्मभूमि’, सीएम धामी ने किया 124 करोड़ की 17 परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास

Saiadmin

चंपावत: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज 29 जून को चंपावत के दौरे पर है. अपने इस दौरे के दौरान सीएम धामी ने चंपावत को बड़ी सौगात दी है. सीएम धामी ने 123.79 करोड़ रुपए की लागत वाली17 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया. इस दौरान सीएम धामी ने जिम कॉर्बेट ट्रेल के उद्घाटन के साथ प्रस्तावित सिटी सेंटर का भूमि पूजन किया और कहा कि चम्पावत को उत्तराखंड का मॉडल जनपद बनाना उनकी सरकार का संकल्प है.

जिला मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में ₹27.79 करोड़ की लागत से पूर्ण हुई 8 विकास योजनाओं का लोकार्पण व ₹96 करोड़ की लागत से बनने वाली 9 नई योजनाओं का शिलान्यास किया. इस दौरान सीएम धामी ने लगभग ₹3.50 करोड़ की लागत से विकसित जिम कॉर्बेट ट्रेल का भी शुभारंभ किया.

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल सड़क और भवन बनाना नहीं, बल्कि ऐसा चम्पावत विकसित करना है, जहां युवाओं को रोजगार, महिलाओं को आत्मनिर्भरता, किसानों को समृद्धि और व्यापारियों को नए अवसर मिलें. उन्होंने बताया कि चम्पावत नगर में ₹62.33 करोड़ की लागत से आधुनिक बहुमंजिला पार्किंग व शॉपिंग कॉम्प्लेक्स (सिटी सेंटर) का निर्माण किया जाएगा.

इसके अलावा महिला प्रौद्योगिकी पार्क, आधुनिक पुस्तकालय, ज्ञान केंद्र, ओपन जिम और अन्य नागरिक सुविधाओं का भी विकास किया जाएगा. मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटियों को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगभग ₹257 करोड़ की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज व ₹58.52 करोड़ की लागत से साइंस सेंटर की स्थापना की जा रही है.

साथ ही कृषि महाविद्यालय, गौशालाओं के विकास और आधुनिक कृषि तकनीकों के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में भी कार्य किए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत मां पूर्णागिरि धाम, शारदा कॉरिडोर, गोल्ज्यू कॉरिडोर और मां वाराही धाम सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों का विकास किया जा रहा है, जिससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा.

मुख्यमंत्री ने बताया कि टनकपुर में ₹237.74 करोड़ की लागत से आधुनिक आईएसबीटी व ₹14 करोड़ की लागत से मीडिया सेंटर का निर्माण भी किया जा रहा है. वहीं लोहाघाट, बनबसा और पाटी में भी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर कार्य प्रगति पर है. कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने खटकना पुल स्थित एटलस पावर हाउस जिम का उद्घाटन भी किया.

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *