उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले अयोध्या में रामलला के दर्शन को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपना सियासी संदेश साफ कर दिया है. उन्होंने अपने अयोध्या दौरे को PDA के फॉर्मूले से जोड़ते हुए कहा कि ‘पहले दर्शन, फिर आशीर्वाद.’ अखिलेश ने कहा कि भगवान सबके हैं और अलग-अलग धर्मों में अलग-अलग तरह की व्यवस्थाएं हैं… ऐसे में वह अयोध्या ही नहीं, केदारेश्वर और मथुरा भी दर्शन के लिए जाएंगे.
अखिलेश यादव ने अपने परिवार का जिक्र करते हुए कहा, ‘हमारे घर में तो शिव और रामगोपाल पहले से हैं और आशीर्वाद पहले से मिल रहा है.’ उन्होंने कहा कि जब अवधेश और पवन हमारे साथ हैं तो बीजेपी को घबराना नहीं चाहिए. अखिलेश का यह बयान ऐसे समय आया है, जब 12 दिसंबर को उनके अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन करने की चर्चा है. सपा की ओर से इस दौरे को लेकर तैयारियां की जा रही हैं.
‘भगवान सबके हैं, केदारेश्वर और मथुरा भी जाएंगे’
अयोध्या में रामलला के दर्शन को लेकर सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा, ‘भगवान सबके हैं… अलग-अलग धर्म में अलग-अलग तरह की व्यवस्थाएं हैं, तो क्यों नहीं जाएंगे? केदारेश्वर भी जाएंगे, मथुरा दर्शन भी जाएंगे… PDA का मतलब है पहले दर्शन फिर आशीर्वाद.’ उन्होंने अपने परिवार के दो वरिष्ठ नेताओं शिवपाल सिंह यादव और रामगोपाल यादव का जिक्र करते हुए कहा कि उनके घर में शिव और रामगोपाल पहले से हैं.
अखिलेश ने कहा, ‘हमारे घर में तो शिव और रामगोपाल पहले से हैं और आशीर्वाद पहले से मिल रहा है… जब अवधेश (अयोध्या से सपा सांसद) और पवन (अयोध्या सीट से सपा प्रत्याशी) हमारे साथ हैं, तो बीजेपी को घबराना नहीं चाहिए.’ अखिलेश यादव ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस तरह से लूट और बर्बादी हुई है, उसका जवाब बीजेपी के पास है क्या? उनके इस बयान को अयोध्या दौरे के जरिए बीजेपी के हिंदुत्व के राजनीतिक एजेंडे का जवाब देने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है.
ओवैसी-चंद्रशेखर के नए मोर्चे पर बोले- जनता सपा के साथ
AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद के संभावित गठबंधन को लेकर भी अखिलेश यादव से सवाल किया गया. इस पर उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता समाजवादी पार्टी के पक्ष में मन बना चुकी है.
वोटर लिस्ट पर फिर उठाया आधार का मुद्दा
अखिलेश यादव ने मतदाता सूची को लेकर भी अपनी बात दोहराई. उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने वोटर लिस्ट को दुरुस्त करने के लिए जो सुझाव दिए थे, उनमें आधार लिंकिंग, मेटल आधार कार्ड और बायोमेट्रिक लिंकिंग शामिल हैं. उन्होंने कहा, ‘हमने जो वोटर लिस्ट के लिए सुझाव दिए, उसमें आधार लिंकिंग, मेटल आधार कार्ड और बायोमेट्रिक लिंकिंग की जाएं.’ अखिलेश ने सियासी लड़ाई को लेकर कहा, ‘अब जो लड़ाई है, वो 80-20 की नहीं बल्कि 95-5 की है.’
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपने-अपने बूथ की जिम्मेदारी संभालने की अपील भी की. अखिलेश ने कहा, ‘मुझे अनुभव से पता चलता है कि जब चुनाव में कम पैसा खर्च होता है, तब हम अच्छा जीतते हैं… मैं अपने एक-एक कार्यकर्ता से अपील करता हूं कि अपना-अपना बूथ संभालें, जैसे उन्होंने SIR में किया और वोटर लिस्ट में अपना वोट बचा लिया.’
लखीमपुर की घटनाको लेकर सरकार पर हमला
लखीमपुर की घटना पर अखिलेश यादव ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा को लेकर योगी सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि हाथरस की घटना के बाद भी प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ घटनाएं नहीं रुकीं और लगातार ऐसी घटनाएं सामने आती रही हैं. अखिलेश ने दावा किया कि आंकड़े बताते हैं कि उत्तर प्रदेश में महिलाएं सबसे ज्यादा असुरक्षित हैं. उन्होंने कहा कि आज भी प्रदेश में न जाने कितनी घटनाएं हो रही हैं. अखिलेश ने पुलिस के रिस्पॉन्स सिस्टम पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार ने उसे खराब कर दिया है.
पोस्टर विवाद पर तंज, बोले- बजट कम हो गया क्या?
अखिलेश यादव ने लखनऊ और प्रदेश के दूसरे हिस्सों में समाजवादी नेताओं के पोस्टर लगाए जाने और कथित तौर पर उन्हें हटाए जाने को लेकर भी टिप्पणी की. उन्होंने कहा कि लखनऊ में हर दिन उनके खिलाफ पोस्टर लगते थे, लेकिन अब पोस्टर लगने बंद हो गए हैं. अखिलेश ने तंज कसते हुए कहा, ‘हमें दुख है कि आखिर क्यों नहीं लग रहा पोस्टर, बजट कम हो गया है क्या?’ उन्होंने कहा कि लखनऊ के अलावा पूरे प्रदेश में जहां भी समाजवादी पार्टी के नेताओं के पोस्टर लगाए जाते हैं, वहां की CCTV फुटेज चाहिए. अखिलेश के मुताबिक, फुटेज मिलने पर पार्टी उस पर कार्रवाई करेगी.
